अधिक ब्याज का झांसा देकर 6.80 करोड़ की ठगी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
हल्द्वानी
जनपद नैनीताल में जनता को अधिक ब्याज और गारंटी का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर की गई कार्रवाई में देवभूमि बहुदेशीय स्वायत्त सहकारिता के दो मुख्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
एसएसपी के निर्देशानुसार, अपर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित सैनी एवं क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पांडेय के पर्यवेक्षण में कोतवाली रामनगर के प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार द्वारा गठित विशेष टीम ने इस लंबे समय से लंबित वित्तीय घोटाले का सफल अनावरण किया।
कोतवाली रामनगर में दिनांक 13 जून 2023 को दर्ज एफआईआर संख्या 246/23 (धारा 409 IPC) के अनुसार, अभियुक्तों ने वर्ष 2017 में हल्द्वानी (मुखानी स्थित कपिल कॉम्प्लेक्स) एवं रामनगर में संस्था खोलकर उत्तराखंड सरकार से पंजीकरण का दावा किया। इसके माध्यम से अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत, ऊधम सिंह नगर एवं नैनीताल सहित कई जनपदों के भोले-भाले नागरिकों से निवेश कराया गया।
जांच में सामने आया कि हजारों निवेशकों से लगभग 6 करोड़ 80 लाख रुपये एकत्र कर संस्था के संचालक हेमचंद पंत (अध्यक्ष) एवं विकास दुर्गापाल (सचिव) ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर गबन कर लिया और फरार हो गए। दोनों शाखाएं बंद पाई गईं तथा अभियुक्तों के बैंक खातों में करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेन-देन का खुलासा हुआ।
न्यायालय से वारंट एवं कुर्की आदेश प्राप्त कर दिल्ली, हरियाणा और लखनऊ सहित विभिन्न स्थानों पर दबिश दी गई। अंततः 04 फरवरी 2026 को दोनों मुख्य अभियुक्तों को लालकुआं क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, अभियुक्तों के विरुद्ध अन्य थानों में भी धोखाधड़ी के मुकदमे दर्ज हैं और गिरोह में अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच जारी है। शीघ्र ही और गिरफ्तारियां संभावित हैं।
आपराधिक इतिहास
कोतवाली रामनगर: एफआईआर संख्या 246/23, धारा 409 IPC
थाना मुखानी:
मु0अ0सं0 181/25 धारा 420 IPC, 3/21 BUDS Act, 3 UPID Act
मु0अ0सं0 50/23 धारा 420 IPC
गिरफ्तार अभियुक्त
हेमचंद पंत पुत्र गोविंद बल्लभ पंत, निवासी हरिपुर नायक, कुसुमखेड़ा, थाना मुखानी, नैनीताल (उम्र 45 वर्ष)
विकास दुर्गापाल पुत्र खिमानंद दुर्गापाल, निवासी देहरिया, हल्द्वानी, नैनीताल (उम्र 41 वर्ष)
अभियुक्तों के खातों में क्रमशः ₹2.26 करोड़ एवं ₹4.58 करोड़ की राशि का लेन-देन पाया गया।
गिरफ्तारी टीम
दीपक सिंह बिष्ट, वरिष्ठ उपनिरीक्षक, लालकुआं
कांस्टेबल आनंदपुरी
कांस्टेबल जितेंद्र बिष्ट
सफल अनावरण पर एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी द्वारा पुलिस टीम को ₹2500 नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
एसएसपी की अपील
एसएसपी ने आमजन से अपील की है कि अधिक लाभ के लालच में किसी भी निवेश योजना में धन न लगाएं। निवेश से पूर्व संस्था का पंजीकरण, वैधानिक स्थिति एवं प्रामाणिकता अवश्य जांचें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
अधिक ब्याज का झांसा देकर 6.80 करोड़ की ठगी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
