ड्रेस कोड से लेकर सीसीटीवी तक, डीएम ने आरटीओ कार्यालय में कसी नकेल -डीएम ललित मोहन रयाल के कड़े निर्देश
एजेंटों की नो-एंट्री, डीएम ने औचक निरीक्षण में दिए निर्देश
अब नहीं चलेगी एजेंटगिरी,
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने शनिवार को संभागीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) हल्द्वानी का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आरटीओ कार्यालय में किसी भी प्रकार का कोई भी एजेंट अधिकृत नहीं है। यदि कोई बाहरी व्यक्ति या एजेंट कार्यालयी कार्यों में संलिप्त पाया गया तो उसके विरुद्ध सुसंगत धाराओं में कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि आरटीओ कार्यालय से जुड़ी सेवाएं—जैसे ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण, नवीनीकरण एवं अन्य मोटर वाहन संबंधी कार्य—सीधे आमजन से जुड़े हुए हैं। इन कार्यों में बाहरी व्यक्तियों की भूमिका को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान बाहरी व्यक्तियों की संभावित संलिप्तता पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए परिवहन अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
डीएम ने निर्देश दिए कि भविष्य में आरटीओ कार्यालय के सभी कर्मचारी अनिवार्य रूप से ड्रेस कोड में उपस्थित होंगे तथा नेम प्लेट और पहचान पत्र पहनना आवश्यक होगा। साथ ही जिस पटल पर कर्मचारी कार्यरत हैं, वहां संबंधित नेम प्लेट भी प्रदर्शित की जाए, जिससे कार्यालय में आने वाले नागरिकों को सही जानकारी एवं सुविधा मिल सके।
उन्होंने आरटीओ कार्यालय की नियमित मॉनिटरिंग एवं विशेष चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी सीसीटीवी कैमरे सुचारु रूप से चालू अवस्था में रहें। इसके साथ ही कार्यालय परिसर में शिकायत पेटी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। जो लोग शीघ्र कार्य कराने का दावा करते पाए जाएं, उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने मुख्य द्वार पर एक फ्लेक्स बोर्ड लगाए जाने के निर्देश दिए, जिसमें स्पष्ट रूप से अंकित हो कि इस कार्यालय में कोई भी एजेंट अधिकृत नहीं है तथा सभी नागरिक सेवाएं सरकार द्वारा निर्धारित दरों पर समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जाती हैं। उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध रूप से सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) अरविंद पाण्डे, प्रशासनिक अधिकारी गुरुदेव सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

