भाजपा नेता ने दी आत्मदाह की चेतावनी – पंतनगर विश्वविद्यालय में निर्माण भुगतान अटका, CM को लिखा पत्र
पंतनगर विश्वविद्यालय में निर्माण कार्य और भुगतान को लेकर विवाद तूल पकड़ता जा रहा है। भाजपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष एवं ठेकेदार विवेक सक्सेना ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर विश्वविद्यालय प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं और चेतावनी दी है कि यदि 17 फरवरी तक उनका भुगतान नहीं हुआ तथा कार्य पुनः शुरू नहीं कराया गया तो वे 18 फरवरी से प्रशासनिक भवन के मुख्य द्वार पर अनशन शुरू करेंगे, जो आगे चलकर आमरण अनशन व आत्मदाह तक भी जा सकता है।
सक्सेना ने पत्र में बताया कि उनकी फर्म मैसेज श्रीराम कंस्ट्रक्शन वर्ष 1992 से विश्वविद्यालय में निर्माण कार्य करती आ रही है। संबंधित निर्माण कार्य का ऑनलाइन टेंडर उन्हें 12 दिसंबर 2024 को मिला और 21 मार्च 2025 को अनुबंध हुआ। उपनिदेशक निर्माण के निर्देशानुसार सॉयल टेस्टिंग व स्ट्रक्चर डिजाइन तैयार कर 21 मई 2025 से काम शुरू किया गया, जिसकी पूर्णता तिथि 20 नवंबर 2026 निर्धारित है।
उनका कहना है कि लगभग दो माह में नींव का कार्य पूरा कर लिया गया था, लेकिन 9 जून 2025 को उपनिदेशक जलकर खंड के पत्र के माध्यम से कुलपति के आदेश का हवाला देते हुए कार्य रुकवा दिया गया। तब से निर्माण कार्य बंद है और लगभग 70 लाख रुपये फंसे हुए हैं, जबकि 10–15 लाख रुपये का कार्य कर चुके हैं जिसका भुगतान भी नहीं मिला।
सक्सेना के अनुसार भुगतान के लिए उन्होंने 17 जुलाई, 22 जुलाई, 26 अगस्त, 8 अक्टूबर और 11 दिसंबर 2025 को लिखित अनुरोध दिए तथा कई बार मौखिक रूप से भी कहा, लेकिन विभाग ने भुगतान नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि वित्त नियंत्रक द्वारा भुगतान रोका गया है और उनसे मिलने पर उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया।
पत्र में उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन पर द्वेषपूर्ण कार्रवाई का आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्व में परिसर में हुई कथित गौहत्या के विरोध और भाजपा कार्यकर्ताओं के मुद्दे उठाने के कारण उनके साथ भेदभाव किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भुगतान न मिलने से वे आर्थिक और मानसिक संकट में हैं तथा बैंक व बाजार का कर्ज लगातार बढ़ रहा है।
सक्सेना ने मुख्यमंत्री से मामले में हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

