लालकुआं। पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए सेंचुरी पल्प एंड पेपर ने विश्व पर्यावरण दिवस पर हरित भविष्य का संकल्प लिया। कंपनी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी अजय कुमार गुप्ता के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य संचालन अधिकारी प्रणव शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि मानव अस्तित्व की आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का आह्वान करते हुए कहा कि छोटे-छोटे प्रयास भी पर्यावरण संरक्षण में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।
उपाध्यक्ष नरेश चंद्रा ने कहा कि प्रकृति और मानव जीवन का संबंध अटूट है। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के दौर में हर व्यक्ति को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सक्रिय योगदान देना होगा। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल ऑक्सीजन ही नहीं देते, बल्कि जल, भूमि और जैव विविधता के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने बताया कि सेंचुरी पल्प एंड पेपर द्वारा वर्ष 2025-26 में 222.11 लाख पौधों के वृक्षारोपण एवं पौध वितरण का कार्य किया गया है। वहीं वर्ष 2026-27 में 250 लाख पौधों के वृक्षारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के साथ 200 एकड़ भूमि में वृक्षारोपण के लिए एमओयू भी किया गया है।
कार्यक्रम में महेंद्र कुमार हरित, संजय यादव, संजय बाजपेयी, अमृत सैनी, अनिल दुबे, राजेश कुमार, महेश शर्मा, वंदना पंत, सुष्मिता रावत और भरत पांडेय सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस का विषय नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार है।

