उत्तराखंड सरकार के चार साल – 14 अप्रैल से भाजपा का विकास रथ हर विधानसभा में करेगा जनसंपर्क अभियान- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
प्रदेश सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने व्यापक जनसंपर्क अभियान की रणनीति तैयार कर ली है। कोर कमेटी की बैठक में निर्णय लिया गया कि सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए “विकास रथ” हर विधानसभा क्षेत्र में भेजा जाएगा। इस अभियान के तहत प्रत्येक विधानसभा में एक से चार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें केंद्र सरकार, राज्य सरकार और स्थानीय स्तर पर हुए विकास कार्यों की जानकारी आमजन को दी जाएगी।
बैठक में तय हुआ कि हर विधानसभा के कम से कम एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री या सांसद में से कोई एक जनप्रतिनिधि मौजूद रहेगा। जरूरत के अनुसार किसी विशेष क्षेत्र में केंद्रीय मंत्रियों को भी आमंत्रित किया जा सकता है। मंडल स्तर के कार्यक्रम 8 से 14 अप्रैल के बीच आयोजित होंगे, जबकि उनकी तैयारियों को लेकर 17 फरवरी को संगठन की कार्यशाला प्रस्तावित है।
सहसपुर में महिला सम्मेलन की तैयारी
पार्टी ने सहसपुर विधानसभा में महिलाओं का एक बड़ा सम्मेलन कराने की योजना बनाई है। इसकी तिथि अभी निर्धारित नहीं हुई है, लेकिन संभावना है कि इसमें कोई महिला केंद्रीय मंत्री भी शामिल हो सकती हैं। पार्टी इसे महिला मतदाताओं तक पहुंच मजबूत करने के अहम कार्यक्रम के रूप में देख रही है।
23 मार्च को शक्ति प्रदर्शन रैली
प्रदेश भाजपा सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर 23 मार्च को एक विशाल रैली आयोजित की जाएगी। इसमें डेढ़ से दो लाख लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है। इस रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह या रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के शामिल होने की संभावना जताई गई है।
विधायकों के साथ क्षेत्रवार समीक्षा
निर्णय लिया गया है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में शामिल विधानसभा क्षेत्रों के विधायकों की बैठक करेंगे। इन बैठकों में संबंधित क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों और लंबित योजनाओं की समीक्षा की जाएगी, ताकि सभी कार्य समय पर पूरे हो सकें। साथ ही मार्च में पार्टी के सभी मोर्चों की संयुक्त बैठक कर आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति तैयार की जाएगी, जिससे बूथ स्तर तक योजनाओं और कार्यक्रमों का प्रभावी प्रचार सुनिश्चित किया जा सके।
अगली बैठक में सर्वे रिपोर्ट पर चर्चा
प्रदेश में चुनावी तैयारियों के मद्देनजर दो सर्वे कराए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने इनकी जानकारी कोर कमेटी के सामने रखी, लेकिन पार्टी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने विस्तृत चर्चा अगली बैठक तक टाल दी। अब अगली बैठक में इन सर्वे रिपोर्ट के आधार पर विधायकों के प्रदर्शन का विश्लेषण कर कमजोर सीटों पर विशेष रणनीति बनाई जाएगी।

