उत्तराखंड जिस मां की गोद में पलना था, उसी ने बेटी को जिस्मफरोशी के धंधे में धकेला, वॉट्सऐप पर फोटो भेजकर होता था सौदा!

Spread the love

मां और सौतेले पिता पर नाबालिग बेटी का देह व्यापार कराने के गंभीर आरोप, विरोध करने पर मारपीट और भूखा-प्यासा रखकर प्रताड़ित करने का दावा, रुड़की से कलियर और यूपी के पुरकाजी तक होटलों में ले जाने की शिकायत

 

रुड़की। जिस मां की गोद में एक बेटी को सुरक्षित बचपन और प्यार मिलना चाहिए, उसी मां पर उसे जिस्मफरोशी के धंधे में धकेलने का गंभीर आरोप लगा है। उत्तराखंड के रुड़की में सामने आए इस सनसनीखेज मामले ने रिश्तों को झकझोर कर रख दिया है। एक नाबालिग किशोरी ने अपनी मां और सौतेले पिता पर उसे कथित रूप से देह व्यापार में धकेलने और अलग-अलग होटलों में ले जाकर उसका यौन शोषण करवाने के आरोप लगाए हैं। पीड़िता का दावा है कि उसकी तस्वीरें पहले वॉट्सऐप के माध्यम से लोगों को भेजी जाती थीं और सौदा तय होने के बाद उसे होटलों में पहुंचाया जाता था।

 

वॉट्सऐप पर तस्वीरें भेजकर तय होता था सौदा

 

नाबालिग ने पुलिस को दी लिखित शिकायत में बताया कि उसकी मां और सौतेला पिता कथित तौर पर पहले उसकी तस्वीरें वॉट्सऐप पर भेजते थे। इसके बाद लोगों से संपर्क कर सौदा तय किया जाता था। आरोप है कि उसे रुड़की, कलियर, भगवानपुर और उत्तर प्रदेश के पुरकाजी स्थित अलग-अलग होटलों में ले जाया जाता था, जहां अलग-अलग उम्र के लोगों द्वारा उसका यौन शोषण किया जाता था।

 

विरोध करने पर मारपीट, भूखा-प्यासा रखकर किया जाता था प्रताड़ित

 

पीड़िता के अनुसार, जब भी वह इस तरह के काम का विरोध करती थी तो उसके साथ मारपीट की जाती थी। उसे घर के कमरे में बंद कर कई दिनों तक भूखा-प्यासा रखा जाता था। इतना ही नहीं, किसी को इसकी जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी भी दी जाती थी। किशोरी ने अपनी शिकायत में अपने साथ हुए कथित शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न की जानकारी पुलिस को दी है।

 

सात साल की उम्र में उठ गया था पिता का साया

 

नाबालिग ने पुलिस को बताया कि जब वह करीब सात साल की थी, तभी उसके पिता का निधन हो गया था। इसके बाद उसकी मां ने मुजफ्फरनगर जिले के एक गांव निवासी व्यक्ति से दूसरी शादी कर ली। करीब छह साल पहले वह अपनी मां के साथ रुड़की आ गई थी। किशोरी का आरोप है कि रुड़की आने के बाद मां और सौतेले पिता का व्यवहार उसके प्रति बदल गया और उसे कथित तौर पर देह व्यापार के धंधे में धकेल दिया गया।

 

घर से निकलकर कोतवाली पहुंची पीड़िता, सीओ ने दिए जांच के आदेश

 

सोमवार को किसी तरह घर से निकलकर नाबालिग रुड़की कोतवाली पहुंची और पुलिस को लिखित शिकायत देकर अपनी जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ ओशिन जोशी ने किशोरी को अपने पास बुलाकर उसकी पूरी बात सुनी और शिकायत के आधार पर जांच के आदेश दिए।

 

सीओ ओशिन जोशी के अनुसार, नाबालिग की तहरीर के आधार पर मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement