जिंदा मरीज को मृत दिखाने का आरोप, चंदन हॉस्पिटल में छात्रों का हंगामा — फाइल में मृत घोषित करने के आरोप से भड़के छात्र, अस्पताल घेरा
हल्द्वानी। शहर के चंदन हॉस्पिटल में सोमवार को उस समय अफरातफरी और तनाव का माहौल बन गया जब एबीवीपी कार्यकर्ताओं और छात्रसंघ पदाधिकारियों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए अस्पताल परिसर का घेराव कर दिया।
बताया जा रहा है कि एक मरीज को अस्पताल में भर्ती किए जाने के दौरान उसे जीवित होने के बावजूद अस्पताल की फाइलों में मृत दर्शा दिया गया। इस गंभीर आरोप की जानकारी सामने आते ही छात्र संगठनों में भारी रोष फैल गया और बड़ी संख्या में छात्र अस्पताल पहुंच गए।
छात्रसंघ अध्यक्ष अभिषेक गोस्वामी के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने अस्पताल के मुख्य द्वार पर धरना देते हुए प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि यह घटना घोर लापरवाही का उदाहरण है और इससे मरीजों की सुरक्षा पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की।
सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाते हुए शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने की अपील की। कुछ देर तक मौके पर तनाव की स्थिति बनी रही, हालांकि बाद में हालात आंशिक रूप से सामान्य हुए।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि मामले में जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा। वहीं खबर लिखे जाने तक अस्पताल प्रबंधन की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।

