आत्महत्या, हादसा या साजिश? पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी
कारोबारी ध्रुव चावला को कनपटी पर गोली, शहर में सनसनी
रुद्रपुर। शहर के सिविल लाइन क्षेत्र में सोमवार रात उस समय सनसनी फैल गई जब “शू विला” नामक जूता दुकान के भीतर 25 वर्षीय कारोबारी ध्रुव चावला संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल मिले। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने एम्स रेफर कर दिया।
आदर्श कॉलोनी निवासी ध्रुव चावला, स्वर्गीय अनिल चावला के पुत्र थे और अपने पार्टनर हरजिंदर के साथ दुकान का संचालन करते थे। जानकारी के अनुसार, रात करीब साढ़े नौ बजे ध्रुव ने अपनी मां से फोन पर बात कर जल्द घर आने की बात कही थी। जब वह साढ़े दस बजे तक घर नहीं पहुंचे तो चिंतित मां ने उनके पार्टनर हरजिंदर को दुकान जाकर देखने को कहा।
हरजिंदर जब दुकान पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर सन्न रह गए। ध्रुव खून से लथपथ बेसुध पड़े थे और उनकी कनपटी पर गोली लगी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भेजा गया।
सीओ सिटी प्रशांत कुमार ने बताया कि घटनास्थल की घेराबंदी कर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। मौके से एक अवैध पिस्टल बरामद हुई है, जिसे कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि घटना के समय दुकान के सीसीटीवी कैमरे बंद थे, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है।
पुलिस आत्महत्या, दुर्घटना या आपराधिक साजिश—सभी पहलुओं से जांच कर रही है। आसपास के दुकानदारों और परिजनों से पूछताछ जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल इस घटना के बाद शहर में चर्चाओं का दौर तेज है और कारोबारी वर्ग में दहशत का माहौल है।

