पंतनगर। एसएसपी ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए पंतनगर यूनिवर्सिटी परिसर में शराब की कथित होम डिलीवरी का प्रचार करने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार 20 फरवरी 2026 को विश्वविद्यालय परिसर में समाचार पत्रों के भीतर संदिग्ध और आपत्तिजनक कार्ड वितरित किए जाने की सूचना पुलिस को मिली। कार्ड पर अंग्रेजी में लिखे संदेश से परिसर में शराब व अन्य मादक पदार्थों की होम डिलीवरी की आशंका जताई गई, जिससे विश्वविद्यालय प्रशासन और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि उक्त कार्ड देवाशीष विश्वास पुत्र रविन्द्र विश्वास निवासी टैगोर नगर, शक्तिफार्म, थाना सितारगंज, जनपद ऊधम सिंह नगर द्वारा अखबारों में डालकर वितरित किए गए थे।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ धारा 126/135/170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश कर जेल भेजा ।
कार्रवाई करने वाली टीम में एसआई नरेन्द्र सिंह अधिकारी, कांस्टेबल भूपाल सिंह और राजेन्द्र कोरंगा शामिल रहे।

