(टिहरी में दर्दनाक हादसा ) – तोता घाटी में पहाड़ से गिरे पत्थर ने ट्रक कुचला, चालक की मौत

Spread the love

 

टिहरी। ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-58) पर सोमवार तड़के एक भीषण हादसा हो गया। तोता घाटी के पास पहाड़ी से अचानक गिरे भारी पत्थर और मलबे की चपेट में आने से एक ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिसमें चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार ट्रक ऋषिकेश से श्रीनगर की ओर जा रहा था। सोमवार सुबह करीब 03:05 बजे जैसे ही वाहन तोता घाटी क्षेत्र में पहुंचा, अचानक पहाड़ी से एक विशाल पत्थर सीधे ट्रक के केबिन पर आ गिरा। पत्थर के साथ भारी मात्रा में मलबा भी सड़क पर आ गया, जिससे चालक को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
सूचना मिलते ही SDRF उत्तराखंड की टीम उप निरीक्षक सावर सिंह नेगी के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त केबिन को काटकर शव बाहर निकाला। मृतक की पहचान मुरारी लाल (55) पुत्र दुर्गा लाल, निवासी घुट्टियानी (कर्णप्रयाग), जनपद चमोली के रूप में हुई है। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचना दे दी है।
इस भूस्खलन के चलते बद्रीनाथ हाईवे पूरी तरह बाधित हो गया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। देवप्रयाग थाना प्रभारी प्रशांत बहुगुणा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाया और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि तोता घाटी क्षेत्र लंबे समय से भूस्खलन प्रभावित जोन माना जाता है। वर्तमान में यहां सड़क चौड़ीकरण और पहाड़ी कटिंग का कार्य जारी है। सुरक्षा जाल और पहाड़ी स्थिरीकरण कार्य अधूरा होने से चारधाम यात्रा मार्ग पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। यदि समय रहते पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए, तो भविष्य में बड़े हादसों की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *