देहरादून। प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय नौडियाल के साथ मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा डालने और उनके कार्यालय में तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने सोमवार को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, जुटाए गए साक्ष्य और वीडियो फुटेज के आधार पर शनिवार को हुई घटना में शामिल लोगों की पहचान की गई और कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में हिस्ट्रीशीटर अरविंद पुंडीर उर्फ कल्ली के अलावा लक्ष्मण नवानी, राकेश थपलियाल और अक्षय राणा शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपी रायपुर क्षेत्र के निवासी हैं।
जानकारी के मुताबिक एक स्कूल का नाम भूमि दान करने वाले परिवार के बुजुर्ग के नाम पर रखने के मुद्दे को लेकर रायपुर क्षेत्र के विधायक उमेश शर्मा काउ अपने समर्थकों के साथ निदेशक नौडियाल के कार्यालय पहुंचे थे। इस दौरान कहासुनी बढ़कर विवाद में बदल गई और स्थिति मारपीट व तोड़फोड़ तक पहुंच गई। आरोप है कि कार्यालय में रखी कुर्सियां व अन्य सामान फेंक दिए गए, जिससे वहां अफरातफरी मच गई।
घटना में अजय नौडियाल घायल हो गए और उनकी आंख के आसपास चोट आई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। बाद में उन्होंने रायपुर थाने में विधायक और उनके समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। वहीं विधायक के गनर की ओर से भी अज्ञात लोगों के खिलाफ एक अलग मामला दर्ज कराया गया है।
पुलिस का कहना है कि प्रकरण की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

