लालकुआं  भाजपा सरकार व विधायक का पुतला दहन – बिन्दुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा न मिलने पर उबाल

Spread the love

लालकुआं,
25 फरवरी को हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में बिन्दुखत्ता समेत वन भूमि पर बसे लोगों को राजस्व गांव का दर्जा देने संबंधी प्रस्ताव न लाए जाने पर इंडिया गठबंधन की पार्टियों—कांग्रेस और भाकपा (माले)—के कार्यकर्ताओं ने तीखा विरोध दर्ज किया। संयुक्त रूप से निंदा प्रस्ताव पारित कर कार्यकर्ताओं ने कार रोड चौराहा पर प्रदर्शन किया और भाजपा सरकार तथा लालकुआं विधायक डॉ. मोहन बिष्ट का पुतला दहन किया।
वक्ताओं ने कहा कि विधायक डॉ. मोहन बिष्ट ने पूर्व में सार्वजनिक वीडियो बयान जारी कर दावा किया था कि 25 फरवरी की राज्य कैबिनेट बैठक में बिन्दुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा देने का प्रस्ताव पारित किया जाएगा। 18 फरवरी को बिन्दुखत्ता संयुक्त संघर्ष समिति की रैली के संदर्भ में भी विधायक ने लोगों से उसमें शामिल न होने की अपील की थी, यह कहते हुए कि जब 25 फरवरी को प्रस्ताव पारित होना है तो रैली की आवश्यकता क्या है।
लेकिन 25 फरवरी की मंत्रिमंडल बैठक में न केवल प्रस्ताव पारित नहीं हुआ, बल्कि बिन्दुखत्ता और अन्य वन भूमि पर बसी आबादी को राजस्व गांव का दर्जा देने का कोई उल्लेख तक नहीं किया गया। इस पर विरोध जताते हुए वक्ताओं ने कहा कि अब विधायक यह कह रहे हैं कि कागजात पूरे नहीं हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि दस्तावेज पूरे नहीं थे, तो चार वर्षों से राजस्व गांव का आश्वासन किस आधार पर दिया जाता रहा।
वक्ताओं ने विधायक से अपनी नाकामी स्वीकार कर जनता से माफी मांगने की मांग की। उनका आरोप था कि 18 फरवरी की रैली को प्रभावित करने के उद्देश्य से यह बयानबाजी की गई।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि 9 मार्च से गैरसैण में शुरू होने जा रहे विधानसभा सत्र में बिन्दुखत्ता समेत वन भूमि पर बसी आबादी को राजस्व गांव का दर्जा देने का विधिवत प्रस्ताव पारित किया जाए तथा वन भूमि को राजस्व भूमि में हस्तांतरण का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजकर प्रक्रिया शुरू की जाए।
चेतावनी देते हुए कहा गया कि यदि आगामी विधानसभा सत्र में यह प्रस्ताव पारित नहीं किया गया तो व्यापक जनआंदोलन छेड़ा जाएगा। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि 30 अप्रैल 2026 तक राजस्व गांव बनाने की अधिसूचना जारी नहीं हुई, तो 1 मई से नए जनआंदोलन की शुरुआत की जाएगी।
प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम में भाकपा (माले) नैनीताल जिला सचिव डॉ. कैलाश पाण्डेय, बिन्दुखत्ता ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पुष्कर दानू, महिला कांग्रेस की मीना कपिल, पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के कुन्दन मेहता, भाकपा (माले) बिन्दुखत्ता सचिव पुष्कर दुबड़िया, प्रदेश सचिव कांग्रेस कमेटी गिरधर बम, राजेन्द्र खनवाल, हरीश बिसोती, कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष प्रमोद कलोनी, माले नेता किशन बघरी, गुरदयाल मेहरा, प्रदीप बथीयाल, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के रमेश कुमार, धीरज कुमार, किसान महासभा के गोविंद जीना, भगवान धामी, चंदन राम, बिशन दत्त जोशी, निर्मला शाही, नरेंद्र सिंह बिष्ट, आनंद दानू, प्रवीण दानू, कुन्दन कोहली, मोती सिंह धामी, गोविंद बल्लभ भट्ट, गोपाल सिंह दानू सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *