बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने की घोषणा फिर जीवित, मुख्यमंत्री धामी ने दी मंजूरी
देहरादून/लालकुआं। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने लालकुआं के विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट के अनुरोध पर विधानसभा क्षेत्र लालकुआं अंतर्गत ग्राम बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाए जाने संबंधी पूर्व में विलोपित की गई घोषणा को पुनः जीवित करने का अनुमोदन प्रदान कर दिया है।
गौरतलब है कि राजस्व विभाग द्वारा पूर्व में मुख्यमंत्री घोषणा के तहत विधानसभा क्षेत्र लालकुआं स्थित ग्राम बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाए जाने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई थी। हालांकि उक्त क्षेत्र वन क्षेत्रांतर्गत होने के कारण वन विभाग के स्तर से भारत सरकार की अनापत्ति (एनओसी) प्राप्त करना अनिवार्य था। शासन स्तर पर नीतिगत निर्णय लिए जाने से पूर्व विभिन्न वैधानिक प्रावधानों की पूर्ति आवश्यक है, जिसमें समय लगने की पूर्ण संभावना व्यक्त की गई थी।
इसी क्रम में दिनांक 01 जुलाई 2025 को आयोजित मुख्यमंत्री घोषणाओं की विभागीय समीक्षा बैठक में प्रदत्त उच्चादेश के अनुपालन में राजस्व विभाग द्वारा उक्त घोषणा को अपनी सूची से विलोपित किए जाने हेतु मुख्यमंत्री कार्यालय से अनुरोध किया गया था, जिसके उपरांत घोषणा को विलोपित कर दिया गया था।
अब मुख्यमंत्री श्री धामी ने बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाए जाने संबंधी घोषणा को पुनर्जीवित किए जाने का अनुमोदन प्रदान कर दिया है। इससे क्षेत्रवासियों में पुनः उम्मीद जगी है कि लंबे समय से लंबित यह मांग अब आगे बढ़ सकेगी और आवश्यक औपचारिकताओं को पूर्ण कर क्षेत्र को राजस्व ग्राम का दर्जा दिलाने की दिशा में प्रक्रिया दोबारा तेज होगी।

