(लालकुआं) व्यापार मंडल चुनाव – 26 मार्च से सदस्यता अभियान शुरू, 8 सदस्यीय टीम गठित

Spread the love

लालकुआं। प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, जिला नैनीताल की नगर इकाई लालकुआं के आगामी चुनाव को लेकर सदस्यता अभियान 26 मार्च से शुरू किया जाएगा। इस संबंध में जिला महामंत्री हर्ष वर्द्धन पांडे ने जानकारी देते हुए बताया कि अभियान को प्रभावी बनाने के लिए मुख्य सदस्यता प्रभारी संजय जोशी के नेतृत्व में 8 सदस्यीय टीम का गठन किया गया है।
उन्होंने बताया कि गठित टीम में संजीव शर्मा, अशोक अग्रवाल, अरुण जोशी, राज कुमार सेतिया, इस्तकार अंसारी, दीप नयाल, अनिल सिंह ‘संजू’ और सुभाष नागर को शामिल किया गया है। यह टीम नगर क्षेत्र में डोर-टू-डोर जाकर व्यापारियों से संपर्क करेगी और उन्हें संगठन से जोड़ने का कार्य करेगी।
व्यापार मंडल ने लालकुआं के समस्त व्यापारियों से सदस्यता ग्रहण कर संगठन को मजबूत बनाने की अपील की है। सदस्यता के लिए दुकान का लाइसेंस, बिजली या पानी का बिल, जीएसटी अथवा फर्म से संबंधित कोई भी प्रमाणपत्र अनिवार्य होगा। साथ ही एक दुकान से केवल एक व्यक्ति को ही सदस्यता प्रदान की जाएगी।
जिलाध्यक्ष विपिन गुप्ता ने कहा कि व्यापारियों की एकता और उनके हितों की रक्षा के लिए सभी का संगठन से जुड़ना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आश्वस्त किया कि निवर्तमान कार्यकारिणी भी सदस्यता अभियान को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *