देहरादून। खाड़ी देशों और मध्य पूर्व एशिया के देशों में मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए उत्तराखण्ड शासन ने वहां निवासरत, कार्यरत अथवा फंसे हुए राज्य के नागरिकों की सहायता के लिए विशेष व्यवस्था की है। शासन ने गृह विभाग की विशेष सचिव श्रीमती निवेदिता कुकरेती को नोडल अधिकारी नामित किया है।
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा शनिवार को जारी कार्यालय आदेश के अनुसार, नोडल अधिकारी भारत सरकार के विदेश मंत्रालय, संबंधित भारतीय दूतावासों, उत्तराखण्ड के जनपदों तथा अन्य विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावित नागरिकों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराएंगी।
यह व्यवस्था सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, कुवैत, ईरान, इजराइल, ओमान समेत अन्य खाड़ी और मध्य पूर्व एशियाई देशों में रह रहे उत्तराखण्डवासियों के लिए लागू होगी।
शासन ने सहायता एवं संपर्क के लिए पुलिस मुख्यालय, उत्तराखण्ड, देहरादून में हेल्पलाइन भी जारी की है—
मोबाइल नंबर : 9411112792
ई-मेल : dgc-police-ua@nic.in
शासन ने कहा है कि विदेशों में रह रहे अथवा फंसे हुए उत्तराखण्ड के नागरिकों की समस्याओं के समाधान, विदेश मंत्रालय एवं दूतावासों से समन्वय, त्वरित सहायता, राहत तथा उनके परिजनों को सूचना और मार्गदर्शन देने के लिए इन माध्यमों पर संपर्क किया जा सकता है।
संपर्क करते समय संबंधित व्यक्ति का नाम, पिता या पति का नाम, देश और वहां का पता, पासपोर्ट नंबर, मोबाइल/व्हाट्सएप नंबर, ई-मेल, उत्तराखण्ड का पता तथा वैकल्पिक संपर्क व्यक्ति का विवरण देना अनिवार्य होगा।

