(ब्रेकिंग न्यूज)-1लाख एक हजार 400 टन समुद्री जहाज से कच्चा तेल निकासी नियमों के उल्लंघन के आरोप में नैनीताल जिले के कैप्टन ब्रिटेन में गिरफ्तार

Spread the love

 

रामनगर निवासी मर्चेंट नेवी कैप्टन अजय पंत को ब्रिटेन में गिरफ्तार किए जाने का मामला सामने आया है। ब्रिटेन की नेशनल क्राइम एजेंसी (NCA) ने उन पर रूस से प्रतिबंधित तरीके से तेल लाने के आरोप में कार्रवाई की है। ब्रिटिश मीडिया द गार्जियन के अनुसार, पूर्व प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने इस कार्रवाई को रूस के खिलाफ सख्त कदम बताया है।

जानकारी के अनुसार, कैप्टन अजय पंत जिस तेल टैंकर MV Smyrtos के कप्तान थे, उसने 4 जून को रूस के उस्त-लूगा टर्मिनल से करीब 1 लाख 1 हजार 400 टन कच्चा तेल लादा था और वह गुजरात के सिक्का पोर्ट के लिए रवाना हुआ था। आरोप है कि यह जहाज ब्रिटेन के समुद्री क्षेत्र में बिना वैध राष्ट्रीय झंडे के प्रवेश कर गया, जिसके बाद ब्रिटिश एजेंसियों ने कार्रवाई की।

बताया गया कि 14 जून की रात ब्रिटिश मरीन कमांडो ने हेलिकॉप्टर के जरिए जहाज पर उतरकर उसे अपने नियंत्रण में लिया और कैप्टन अजय पंत को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया।

कोर्ट ने जमानत देने से किया इनकार

16 जून को कैप्टन अजय पंत को साउथेम्प्टन मजिस्ट्रेट कोर्ट में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेश किया गया। उन पर रूस (प्रतिबंध) विनियम 2019 के तहत नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया गया है। दोष सिद्ध होने पर अधिकतम 10 साल तक की सजा का प्रावधान बताया गया है।

बचाव पक्ष के वकील जेम्स डायमंड ने कोर्ट में कहा कि कैप्टन पंत ने यह काम अपनी इच्छा से नहीं किया, बल्कि वह कंपनी के कर्मचारी के रूप में अपने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों का पालन कर रहे थे। कोर्ट ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की अगली सुनवाई 16 जुलाई को बॉर्नमाउथ क्राउन कोर्ट में होगी।

पत्नी ने पीएम मोदी और विदेश मंत्रालय से मांगी मदद

कैप्टन अजय पंत की पत्नी रितु पंत ने बताया कि उन्हें गिरफ्तारी की जानकारी किसी आधिकारिक माध्यम से नहीं, बल्कि सोशल मीडिया और ब्रिटिश मीडिया के जरिए मिली। उन्होंने कहा कि अजय पिछले 15 वर्षों से समुद्री क्षेत्र में कार्यरत हैं और उनका रिकॉर्ड साफ रहा है।

रितु पंत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्रालय से मदद की अपील की है।

उत्तराखंड सरकार ने विदेश मंत्रालय को लिखा पत्र

उत्तराखंड सरकार ने भी मामले में हस्तक्षेप करते हुए विदेश मंत्रालय से मदद मांगी है। गृह सचिव शैलेश बगौली ने बताया कि कैप्टन अजय पंत की सुरक्षित रिहाई और वतन वापसी के लिए केंद्र सरकार से संपर्क किया गया है। ब्रिटेन स्थित भारतीय उच्चायोग को भी मामले में राजनयिक पहुंच दी गई है।

बताया जा रहा है कि जहाज पर भारत और जॉर्जिया के 24 क्रू सदस्य मौजूद हैं। फिलहाल जहाज को ब्रिटेन के डॉर्सेट स्थित वेमाउथ तट के पास रोका गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *