भाजपा सरकार की गलत नीतियों पर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या का तीखा तंज
लालकुआं में कांग्रेस की न्याय यात्रा का जोरदार स्वागत, बेरोजगारी, पलायन, राजस्व गांव, वोट चोरी और अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा उठाया
लालकुआं। भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ निकाली जा रही उत्तराखंड न्याय यात्रा पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या का भव्य स्वागत किया। इस दौरान यशपाल आर्य ने भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए बेरोजगारी, पलायन, बढ़ते अपराध, जमीनों से जुड़े मामलों, राजस्व गांवों की समस्या, बंद होते विद्यालयों और कथित वोट चोरी जैसे मुद्दों को लेकर सरकार पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता से जुड़े सवालों का जवाब सरकार को देना होगा।
यशपाल आर्य ने आरोप लगाया कि प्रदेश के जल, जंगल और जमीन जैसे प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करने के बजाय उनका दोहन किया जा रहा है। युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे हैं, जिसके चलते पलायन की समस्या गंभीर होती जा रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के करीब 12 हजार गांव खाली हो चुके हैं और लगभग पांच हजार विद्यालय बंद हो गए हैं। इन आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने शिक्षा व्यवस्था और रोजगार के अवसरों को लेकर सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
राजस्व गांव के मुद्दे पर भी उठाई आवाज
न्याय यात्रा के दौरान राजस्व गांव का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। यशपाल आर्य ने ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने और गांवों में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास संबंधी सुविधाओं का लाभ मिलना चाहिए। राजस्व गांवों से जुड़े मामलों में सरकार को स्पष्ट नीति अपनाते हुए जनता की समस्याओं का समाधान करना चाहिए।
‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर भाजपा को घेरा
नेता प्रतिपक्ष ने राहुल गांधी की ओर से उठाए जा रहे कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे का उल्लेख करते हुए मतदाताओं के अधिकारों और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया का सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक मतदाता के अधिकारों की रक्षा जरूरी है। कांग्रेस लोकतांत्रिक मूल्यों और मताधिकार की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग
अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा उठाते हुए यशपाल आर्य ने कहा कि कांग्रेस इस मामले में न्याय की मांग को लेकर लगातार आवाज उठाती रही है। उन्होंने मामले की सीबीआई जांच उच्च न्यायालय के न्यायाधीश की निगरानी में कराने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा और कार्यकर्ताओं से इस मुद्दे पर एकजुट होकर आवाज उठाने का आह्वान किया।
गांव-गांव पहुंचकर जनता की समस्याएं उठाने का आह्वान
यशपाल आर्य ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और घर-घर जाकर जनता की समस्याएं सुनने तथा जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, पलायन, शिक्षा, कानून-व्यवस्था और राजस्व गांवों से जुड़े सवालों पर सरकार को जवाबदेह बनाया जाना चाहिए। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने संगठन की मजबूती और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।
कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल, जिलाध्यक्ष राहुल छींमवाल, गणेश उपाध्याय, पूर्व विधायक ललित परसवाण, प्रभारी एवं सचिव प्रकाश जोशी, नगर अध्यक्ष भुवन पांडे, हरेंद्र बोरा, हेमवती नंदन दुर्गापाल, रविशंकर तिवारी, प्रमोद कलोनी, शंकर जोशी, बीना जोशी सहित अनेक कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



