लालकुआं 28 नवंबर को हल्द्वानी में गूंजेगी सहकारिता की मजबूती, नैनीताल दुग्ध संघ के 77वें वार्षिक अधिवेशन की तैयारियां तेज , लगी मोहर

Spread the love

 

मुकेश बोरा की अध्यक्षता में संचालक मंडल की बैठक में आयोजन को अंतिम रूप, संकल्प वेंकट हॉल में जुटेंगे दुग्ध उत्पादक, जनप्रतिनिधि और सहकारिता जगत की प्रमुख हस्तियां

लालकुआं। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड लालकुआं का 77वां वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन आगामी 28 नवंबर को हल्द्वानी के पीलीकोठी स्थित संकल्प वेंकट हॉल में आयोजित किया जाएगा। अधिवेशन को भव्य एवं गरिमामय स्वरूप देने के लिए दुग्ध संघ प्रबंधन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं अति विशिष्ट अतिथियों के साथ जनप्रतिनिधियों, सहकारिता क्षेत्र से जुड़ी प्रमुख हस्तियों और बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादकों की मौजूदगी रहेगी।

बुधवार को दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में आयोजित संचालक मंडल की बैठक में वार्षिक अधिवेशन की तैयारियों और आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में कार्यक्रम स्थल, अतिथियों के स्वागत, व्यवस्थाओं तथा आयोजन को सफल बनाने से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा के बाद अधिवेशन के आयोजन को सर्वसम्मति से अंतिम रूप दिया गया।

उत्पादकों के हित और संघ की उपलब्धियों पर होगा मंथन

वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन सहकारी व्यवस्था की समीक्षा और दुग्ध उत्पादकों के हितों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श का प्रमुख मंच होगा। इसमें संघ की वर्षभर की गतिविधियों, वार्षिक प्रगति रिपोर्ट, आय-व्यय के विवरण तथा विभिन्न योजनाओं की उपलब्धियों को सदन के समक्ष रखा जाएगा। इसके साथ ही दुग्ध उत्पादकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, दुग्ध उत्पादन में वृद्धि, पशुपालकों को प्रोत्साहित करने और सहकारी व्यवस्था को अधिक मजबूत बनाने जैसे विषयों पर भी चर्चा होगी।

सहकारिता जगत की हस्तियों की रहेगी मौजूदगी

28 नवंबर को आयोजित होने वाले इस अधिवेशन में मुख्य अतिथि एवं अति विशिष्ट अतिथियों सहित जनप्रतिनिधियों और सहकारिता क्षेत्र के गणमान्य लोगों की गरिमामयी मौजूदगी रहेगी। कार्यक्रम के माध्यम से दुग्ध उत्पादकों के योगदान को सम्मान देने के साथ संघ की उपलब्धियों और भविष्य की कार्ययोजना को भी साझा किया जाएगा। अधिवेशन को लेकर दुग्ध उत्पादकों और सहकारिता क्षेत्र से जुड़े लोगों में उत्साह का माहौल है।

ये रहे बैठक में मौजूद

बैठक में संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता, कृष्ण कुमार, आनंद सिंह नेगी, पुष्पा देवी, खष्टी देवी, दीपा देवी, हेमा देवी, दीपा देवी रैक्वाल एवं थान सिंह बिष्ट मौजूद रहे। इसके अलावा दुग्ध संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पी एंड आई प्रभारी सुभाष बाबू, खलील अहमद सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement