हल्द्वानी – बरेली रोड पर पुरानी खुली नहर होगी शिफ्ट, सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत निर्णय -75 लोगो को जमीन खाली करने के निर्देश
हल्द्वानी में बरेली रोड पर सिंचाई विभाग की पुरानी खुली नहर को शिफ्ट किया जाएगा। सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत यह निर्णय लिया गया है। मौजूदा नहर की शिफ्टिंग के साथ ही उसे कवर भी किया जाएगा, ताकि उसके ऊपर फुटपाथ बनाया जा सके और आम लोगों को सुविधा मिल सके। यूयूएसडीए की मांग पर प्रशासन और सिंचाई विभाग के बीच हुई वार्ता के बाद 75 लोगों को नोटिस भेजकर सरकारी जमीन खाली करने के निर्देश दिए गए हैं।
उत्तराखंड अर्बन सेक्टर डेवलपमेंट एजेंसी (यूयूएसडीए) की ओर से कालाढूंगी रोड पर कठघरिया से कालू सिद्ध मंदिर तक तथा नैनीताल रोड पर नरीमन चौराहे से तीनपानी तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य प्रस्तावित है। इस पूरे प्रोजेक्ट पर करीब 229 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। उपलब्ध स्थान के अनुसार सड़क की चौड़ाई 24 से 30 मीटर तक रखी जाएगी।
परियोजना के तहत यूटिलिटी डक्ट, आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम, फुटपाथ निर्माण और सुंदरीकरण से जुड़े कार्य भी किए जाएंगे। नैनीताल रोड पर होंडा शोरूम तिराहे से तीनपानी तक सड़क के एक ओर सिंचाई विभाग की नहर गुजरती है, जो शहर से ग्रामीण क्षेत्रों तक जाती है और किसानों के खेतों की सिंचाई का मुख्य स्रोत है।

