(बड़ी खबर) रुद्रपुर कार्निवाल सरस आजीविका मेला-2026 का शुभारम्भ, CM धामी ने 295.21 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया
रुद्रपुर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गांधी पार्क में आयोजित भव्य उधमसिंह नगर कार्निवाल सरस आजीविका मेला-2026 का फीता काटकर शुभारम्भ किया। इस अवसर पर उन्होंने कुल 295.21 करोड़ रुपये की लागत वाली 61 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने 123.91 करोड़ रुपये के 26 कार्यों का लोकार्पण तथा 171.30 करोड़ रुपये के 35 कार्यों का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में लोक निर्माण, नगर निगम, सिंचाई, शिक्षा, खेल, पशुपालन, ग्रामीण निर्माण सहित विभिन्न विभागों की योजनाएँ शामिल हैं।
उन्होंने कार्यक्रम में 5 महत्वपूर्ण घोषणाएँ भी कीं, जिनमें मानसखंड कॉरिडोर के अंतर्गत गोल्ज्यू मंदिर, शिव मंदिर और नीलकंठ धाम को जोड़ने वाली शिव प्रतिमा की स्थापना, पर्यावरण मित्रों के लिए आवास निर्माण, प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण तथा गुरु चांद ठाकुर स्मृति सहायता कोष को 2 करोड़ से बढ़ाकर 10 करोड़ करना शामिल है।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने त्रिशूल चौक का लोकार्पण किया, कांवड़ियों का स्वागत कर उनके पैर पखारे और शिव बारात में भी शामिल हुए। रास्ते भर जनता व संगठनों ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएँ रुद्रपुर को विकास, विश्वास और भविष्य की नई ऊँचाइयों तक ले जाने का आधार बनेंगी। उन्होंने बताया कि रुद्रपुर बाईपास, चार लेन सड़कों, रेलवे स्टेशन आधुनिकीकरण, मास्टर ड्रेनेज प्लान, पिंक टॉयलेट, बायोगैस प्लांट और कूड़ा प्रबंधन प्लांट जैसे कई कार्य प्रगति पर हैं। किच्छा में 351 करोड़ की लागत से एम्स ऋषिकेश का सैटेलाइट सेंटर और पंतनगर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने की योजना भी चल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार राज्य के सर्वांगीण विकास के साथ सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने नकल विरोधी कानून, भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई और रोजगार उपलब्ध कराने के प्रयासों का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने सरस मेले के स्टॉलों का निरीक्षण किया, हस्तशिल्प उत्पाद देखे और सूत कातकर स्वयं सहायता समूहों का उत्साह बढ़ाया।
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट, विधायक शिव अरोरा, महापौर विकास शर्मा, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी व बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

