केमिकल फैक्ट्री में जोरदार धमाका, भीषण आग में 7 मजदूर जिंदा जले — दो के फंसे होने की आशंका
भिवाड़ी/राजस्थान। खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में सोमवार सुबह हुए भीषण धमाके के बाद लगी आग ने भयावह रूप ले लिया। हादसे में अब तक 7 मजदूरों की दर्दनाक मौत हो चुकी है, जबकि कुछ मजदूरों के अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के समय फैक्ट्री में करीब 25 मजदूर मौजूद थे।
अचानक धमाका, मच गई अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फैक्ट्री के भीतर अचानक जोरदार विस्फोट हुआ, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कई मजदूर बाहर निकल ही नहीं पाए। घटना के तुरंत बाद परिसर में भगदड़ और अफरा-तफरी मच गई।
दमकल की घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू
सूचना मिलते ही भिवाड़ी, खुशखेड़ा और आसपास के क्षेत्रों से दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत और बचाव कार्य के दौरान सात शव बाहर निकाले गए।
प्रशासन और पुलिस मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही एसपी प्रशांत किरण और एडीएम सुमिता मिश्रा सहित पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य की निगरानी की। एहतियातन पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
जांच के आदेश, कारण अभी अज्ञात
प्रशासन ने फैक्ट्री में सुरक्षा इंतजामों की जांच के आदेश दे दिए हैं। फिलहाल आग लगने और धमाके के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी जांच के बाद ही हादसे की असली वजह सामने आएगी।

