उत्तराखंड हाईकोर्ट बार एसोसिएशन चुनाव परिणाम घोषित, डीसीएस रावत दूसरी बार अध्यक्ष निर्वाचित

Spread the love

उत्तराखंड हाईकोर्ट बार एसोसिएशन चुनाव परिणाम घोषित, डीसीएस रावत दूसरी बार अध्यक्ष निर्वाचित

नैनीताल। उत्तराखंड हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के चुनाव परिणाम देर रात घोषित कर दिए गए। अध्यक्ष पद पर डीसीएस रावत ने लगातार दूसरी बार एकतरफा जीत दर्ज की। उन्हें 668 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी डीके जोशी को 249 वोट मिले।

महासचिव पद पर कांटे के मुकाबले में सौरभ अधिकारी विजयी रहे। उन्होंने अक्षय लटवाल को मामूली अंतर से पराजित किया। महिला उपाध्यक्ष पद पर मीना बिष्ट ने चेतना लटवाल को भारी मतों से हराया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर सुशील वशिष्ठ ने प्रेम कौशल को पराजित किया, जबकि कोषाध्यक्ष पद पर शुभ्र रस्तोगी ने गुरबानी सिंह को शिकस्त दी।

बार एसोसिएशन के चुनाव में कुल 1689 मतदाताओं में से 1112 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चला, जिसके बाद मतगणना की गई। चुनाव में “वन वोट, वन बार” नियम को कड़ाई से लागू किया गया, जिसके तहत मतदान से पूर्व सभी अधिवक्ताओं से शपथपत्र भरवाए गए।

चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष संपन्न कराने में मुख्य चुनाव अधिकारी कुर्बान अली, सलाहकार रविन्द्र बिष्ट, पर्यवेक्षक वरिष्ठ अधिवक्ता एमसी कांडपाल, डॉ. महेंद्र पाल सहित चुनाव अधिकारियों की टीम जुटी रही। मतदान के लिए प्रदेशभर से अधिवक्ता नैनीताल पहुंचे थे।

मतदान के दौरान लंच समय में हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी, न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल, न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित और न्यायमूर्ति आलोक मेहरा भी मतदान स्थल पर पहुंचे। ये सभी न्यायाधीश पूर्व में हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के सदस्य रह चुके हैं। न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी इससे पहले हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

कनिष्ठ उपाध्यक्ष (सामान्य) पद पर गौरव कांडपाल, उपसचिव (प्रशासन) पद पर विश्वस्त कांडपाल, उपसचिव (प्रेस) पद पर प्रसन्ना कर्नाटक और पुस्तकालयाध्यक्ष पद पर अविदित नौलियाल निर्विरोध निर्वाचित हुए। वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य के पांच पदों पर भुवनेश जोशी, मनोज कुमार शर्मा, निरंजन कुमार भट्ट, शिवांगी गंगवार और विश्व प्रकाश बहुगुणा निर्विरोध चुने गए। वरिष्ठ कार्यकारिणी (महिला) पद पर श्रुति जोशी और कनिष्ठ कार्यकारिणी (महिला) पद पर उन्नति पंत निर्विरोध निर्वाचित हुईं।

प्रमुख पदों पर प्राप्त मत इस प्रकार रहे—

  • अध्यक्ष: डीसीएस रावत 668, डीके जोशी 249, मनीषा भंडारी 124, अंजली भार्गव 53
  • महासचिव: सौरभ अधिकारी 436, अक्षय लटवाल 419, भूपेंद्र कोरंगा 246
  • वरिष्ठ उपाध्यक्ष: सुशील वशिष्ठ 570, प्रेम कौशल 515
  • महिला उपाध्यक्ष: मीना बिष्ट 723, चेतना लटवाल 356
  • कोषाध्यक्ष: शुभ्र रस्तोगी 653, गुरबानी सिंह 427
  • कनिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य (चार): विक्रम सिंह धपोला 505, देवेंद्र सिंह छोटू 469, पंकज सेमवाल 432, गौरव पवार 415, श्वेला हुसैन 398, सिद्धार्थ सिंह नेगी 396, रचित तिवारी 357, नीलम गोदियाल 265 वोट।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *