उत्तराखंड में एक दिसंबर तक मौसम रहेगा शुष्क, सुबह-शाम बढ़ेगी ठंड, पहाड़ों में छाई रहेगी धुंध

Spread the love

 

 

चारों धामों में पारा माइनस में पहुंचा, आदि कैलाश में तापमान -13 डिग्री; रुड़की और रुद्रपुर में हवा की गुणवत्ता खराब

 

देहरादून। उत्तराखंड में एक दिसंबर तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। प्रदेशभर में सुबह और शाम ठंडी हवाओं के चलते ठंड का एहसास बढ़ेगा, जबकि दिन के समय धूप खिली रहने की संभावना है। वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों में सुबह के समय धुंध छाई रह सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, इस बार प्रदेश में ठंड बढ़ने में थोड़ा समय लग सकता है। फिलहाल मौसम में बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं।

 

चारों धामों में माइनस में पहुंचा तापमान

 

प्रदेश के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ठंड का असर तेज होने लगा है। चारों धामों में तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया है। बुधवार सुबह के आंकड़ों के अनुसार, केदारनाथ में -7 डिग्री, बदरीनाथ में -11.8 डिग्री, गंगोत्री में -14 डिग्री और यमुनोत्री में -8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं, आदि कैलाश में पारा गिरकर -13 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लगातार गिरते तापमान के चलते कड़ाके की ठंड पड़ रही है।

 

तीन शहरों में हवा की गुणवत्ता खराब

 

प्रदेश के तीन शहरों में पिछले चार दिनों से वायु गुणवत्ता चिंताजनक बनी हुई है। बुधवार सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार, जसपुर में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 185, रुड़की में 230 और रुद्रपुर में 210 दर्ज किया गया। रुड़की और रुद्रपुर में हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में रही, जबकि जसपुर में AQI मध्यम श्रेणी में दर्ज हुआ। लगातार खराब होती हवा की गुणवत्ता से लोगों को सांस संबंधी परेशानियों का खतरा बढ़ सकता है।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement