पूर्वी नेपाल में रहा भूकंप का केंद्र, सिक्किम, बिहार, पश्चिम बंगाल और मेघालय तक कांपी धरती; फिलहाल जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं
नेपाल। मंगलवार सुबह करीब 7:02 बजे नेपाल में आए 5.4 तीव्रता के भूकंप से भारत समेत आसपास के देशों में धरती कांप उठी। भूकंप के झटके भारत के सिक्किम, बिहार, पश्चिम बंगाल और मेघालय सहित पूर्वी एवं पूर्वोत्तर भारत के कई इलाकों में महसूस किए गए। अचानक आए झटकों से लोगों में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। कई स्थानों पर लोग घरों और इमारतों से बाहर निकल आए।
यूरोपियन मेडिटेरेनियन सीस्मोलॉजिकल सेंटर (EMSC) के अनुसार, भूकंप का केंद्र नेपाल के कोशी प्रांत में था। इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.4 मापी गई। वहीं, राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) ने भूकंप का समय सुबह 7 बजकर 2 मिनट 47 सेकंड दर्ज किया। केंद्र के अनुसार, भूकंप का केंद्र 27.855 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 87.909 डिग्री पूर्वी देशांतर पर नेपाल में था तथा इसकी गहराई 20 किलोमीटर दर्ज की गई।
भूकंप का असर सिक्किम में भी व्यापक रूप से महसूस किया गया। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने बताया कि भारत के मंगन से लगभग 67 किलोमीटर पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में 5.4 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार सहित कई क्षेत्रों में भी झटके महसूस किए जाने की खबर है।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, भारत के अलावा भूटान और बांग्लादेश के कुछ हिस्सों में भी भूकंप का असर महसूस किया गया। वहीं, चीन के कुछ इलाकों से भी झटके महसूस होने की खबरें सामने आई हैं। पूर्वी हिमालयी क्षेत्र में भूकंप के बाद लोगों के बीच सतर्कता बढ़ गई है।
असम में भी आया 2.5 तीव्रता का भूकंप
इसी बीच मंगलवार तड़के असम के कार्बी आंगलोंग जिले में सुबह 3 बजकर 39 मिनट पर 2.5 तीव्रता का एक अन्य भूकंप दर्ज किया गया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, इसका केंद्र 15 किलोमीटर की गहराई पर था। फिलहाल नेपाल में आए भूकंप के कारण किसी के हताहत होने या बड़े स्तर पर संपत्ति के नुकसान की सूचना सामने नहीं आई है।



