छात्रनेता मेहल साह ने बेटियों के सम्मान और सुरक्षा से समझौता न करने की दी चेतावनी, वहीं पिटाई से घायल प्राध्यापक ने भी मांगा इंसाफ
हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में बीएससी की एक छात्रा से जुड़े कथित छेड़छाड़ के मामले को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। छात्रनेता मेहल साह ने प्राध्यापक के निलंबन और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि बेटियों के सम्मान और सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। वहीं दूसरी ओर, मामले में पिटाई से घायल प्राध्यापक ने भी अपने लिए इंसाफ की मांग करते हुए छात्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
दरअसल, कुछ दिन पहले कॉलेज के एक प्राध्यापक पर बीएससी की छात्रा के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगा था। इसके बाद आक्रोशित कुछ छात्रों ने प्राध्यापक की पिटाई कर उन्हें घायल कर दिया था। घटना के बाद से ही कॉलेज परिसर में मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
पिटाई में घायल प्राध्यापक का कहना है कि उन्हें बेवजह पीटा गया और उनकी छवि खराब कर उन्हें बदनाम किया गया। इस संबंध में उन्होंने 21 नवंबर को कॉलेज के प्राचार्य और उच्च शिक्षा निदेशक को लिखित शिकायत सौंपी है। उन्होंने मारपीट करने वाले छात्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, मानहानि की भरपाई और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। प्राध्यापक वर्तमान में बेस अस्पताल में उपचार करा रहे हैं। उन्होंने उपचार के मद्देनजर सवैतनिक अवकाश देने की मांग भी की है।
वहीं, इस प्रकरण में छात्रा ने कोतवाली में लिखित पत्र देकर प्राध्यापक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करने का अनुरोध किया है। बताया गया है कि प्राध्यापक ने भी छात्रा से माफी मांगी है और इस संबंध में माफीनामा कोतवाली में जमा कराया गया है।
इस पूरे मामले पर प्रभारी प्राचार्य डॉ. एमपी सिंह ने बताया कि प्राध्यापक की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कॉलेज में छात्रा की शिकायत, प्राध्यापक की पिटाई, लिखित शिकायत और माफीनामे के बाद अब पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच पर सबकी निगाहें टिकी हैं।



