किच्छा विधायक के बेटे पर हमला, ICU में भर्ती
मुख्यमंत्री धामी ने दिए जांच के आदेश
रुद्रपुर। कांग्रेस विधायक एवं पूर्व मंत्री तिलक राज बेहड़ के छोटे बेटे सौरभ राज बेहड़ पर रविवार शाम तीन नकाबपोश हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल सौरभ को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें आईसीयू में रखा गया है।
पुलिस के अनुसार, सौरभ रविवार शाम आवास विकास क्षेत्र से पुलिस चौकी जाने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन पर लाठियों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए। हमले के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सौरभ को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधायक तिलक राज बेहड़ से फोन पर बात कर पूरे मामले की जानकारी ली और पुलिस को निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए।
डॉक्टरों के अनुसार सौरभ की स्थिति गंभीर है और उनकी लगातार निगरानी की जा रही है।
घटना की खबर फैलते ही अस्पताल में भारी भीड़ जमा हो गई। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और विधायक के समर्थक मौके पर पहुंच गए। कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि समझौते के बहाने उनके बेटे को पुलिस चौकी बुलाया गया और इसके बाद सुनियोजित तरीके से हमला कराया गया।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश की जा रही है।

