उत्तराखंड की खनन व्यवस्था को समझने पहुंची टीम, निदेशालय में अधिकारियों के साथ हुई अहम बैठक

Spread the love

 

 

ई-चैक गेट प्रणाली और खनन नीति पर हुआ विस्तृत मंथन, तीन सदस्यीय टीम ने किया स्थलीय निरीक्षण; दूसरे राज्यों के लिए अध्ययन का विषय बनी उत्तराखंड की तकनीक आधारित व्यवस्था

 

देहरादून। खनन क्षेत्र में पारदर्शिता, तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल और बेहतर प्रबंधन को लेकर उत्तराखंड की व्यवस्थाएं अब दूसरे राज्यों के लिए भी अध्ययन का विषय बन रही हैं। प्रदेश की खनन नीति और तकनीक आधारित ई-चैक गेट प्रणाली को समझने के लिए छत्तीसगढ़ खनन विभाग की तीन सदस्यीय टीम उत्तराखंड पहुंची। इस दौरान भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय में अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें खनन प्रबंधन, तकनीकी निगरानी और परिवहन व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

 

सोमवार को छत्तीसगढ़ खनन विभाग के संयुक्त निदेशक दिनेश कुमार मिश्रा, संयुक्त निदेशक भूपेन्द्र कुमार और खान निरीक्षक राजू यादव ने भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय पहुंचकर निदेशक राजपाल लेघा से मुलाकात की। बैठक में उत्तराखंड की खनन नीति, नियमावली और एमडीटीएसएस योजना के अंतर्गत स्थापित ई-चैक गेट प्रणाली की कार्यप्रणाली पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

 

बैठक के दौरान उत्तराखंड में खनन गतिविधियों की निगरानी, खनिजों के परिवहन पर नियंत्रण और तकनीक के माध्यम से व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी छत्तीसगढ़ के अधिकारियों को दी गई। अधिकारियों ने ई-चैक गेट प्रणाली की उपयोगिता, निगरानी व्यवस्था और खनन प्रबंधन में तकनीक की भूमिका को लेकर भी जानकारी प्राप्त की।

 

बैठक के बाद छत्तीसगढ़ से आए अधिकारियों की टीम ने प्रदेश में स्थापित ई-चैक गेटों का स्थलीय निरीक्षण किया और मौके पर पहुंचकर उनकी कार्यप्रणाली को करीब से समझा। टीम ने खनिज परिवहन की निगरानी और तकनीकी व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं का भी जायजा लिया।

 

दरअसल, उत्तराखंड में खनन व्यवस्था को व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से तकनीक आधारित निगरानी प्रणाली विकसित की गई है। ई-चैक गेट इस व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इनके माध्यम से खनिजों के परिवहन पर नजर रखने के साथ ही अवैध खनन और अनियमितताओं पर अंकुश लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

 

प्रदेश की खनन व्यवस्था को राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिली है। खनन क्षेत्र में उत्तराखंड को केंद्र सरकार की ओर से विभिन्न पुरस्कारों और सम्मानों से नवाजा जा चुका है। यही वजह है कि दूसरे राज्यों के खनन विभाग भी यहां की व्यवस्थाओं का अध्ययन कर उन्हें अपने यहां लागू करने की संभावनाएं तलाश रहे हैं। इससे पहले उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर सहित कई राज्यों के अधिकारी भी उत्तराखंड पहुंचकर खनन प्रबंधन और तकनीकी व्यवस्थाओं का अध्ययन कर चुके हैं।

 

छत्तीसगढ़ की टीम का यह दौरा भी इसी कड़ी का हिस्सा है। दूसरे राज्यों के अधिकारियों की बढ़ती दिलचस्पी से उत्तराखंड में विकसित तकनीक आधारित खनन प्रबंधन व्यवस्था की जानकारी अन्य प्रदेशों तक पहुंच रही है।

 

इस अवसर पर खान अधिकारी ताजबर नेगी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी गुणानन्द खण्डूड़ी और आईटीआई कंपनी के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement