हल्द्वानी पांच महीने में नौ ट्यूबवेलों की केबल चोरी, लालकुआं से पहाड़ तक चोरों का आतंक

Spread the love

 

 

पुलिस की कार्रवाई के बावजूद नहीं थम रहीं वारदातें, पेयजल और सिंचाई व्यवस्था पर मंडराया संकट; नलकूप खंड ने एसएसपी को भेजी चोरी प्रभावित स्थानों की सूची

 

हल्द्वानी। लालकुआं से लेकर पहाड़ी क्षेत्रों तक केबल चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। हल्द्वानी नलकूप खंड के अंतर्गत लालकुआ आने वाले विभिन्न क्षेत्रों में चोर सरकारी नलकूपों और सिंचाई योजनाओं को लगातार निशाना बना रहे हैं। बीते पांच महीनों में चोर नौ ट्यूबवेलों की केबल काटकर ले जा चुके हैं। लालकुआं, देवलचौड़, गुसाईंपुर, हरिपुर लालमणि और गौलापार के गांवों में हुई इन घटनाओं से पेयजल और सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होने का खतरा बढ़ गया है। इसके अलावा नौकुचियाताल के समीप थापलिया मेहरा और खनस्यूं लिफ्ट सिंचाई योजना के कार्यस्थल पर भी केबल चोरी की घटनाएं सामने आई हैं।

 

लगातार हो रही चोरी की वारदातों के बावजूद पुलिस चोरों पर प्रभावी अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रही है। थाने और चौकियों में शिकायत दर्ज कराने के बाद भी घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए नलकूप खंड के अधिशासी अभियंता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को पत्र भेजकर वर्ष 2025 से 2026 तक केबल चोरी से प्रभावित नलकूपों और स्थानों की सूची उपलब्ध कराई है। विभाग ने चोरी की घटनाओं का खुलासा कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की अपेक्षा की है।

 

पहले की घटनाओं का भी नहीं हुआ खुलासा

 

केबल चोरी की घटनाएं केवल ग्रामीण क्षेत्रों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि हल्द्वानी शहर में भी चोर लगातार सक्रिय हैं। पिछले दिनों तिकोनिया स्थित जल संस्थान परिसर में देर रात चोर केबल काटने पहुंचे थे। इस दौरान सुरक्षा में तैनात पीआरडी जवान ने चार आरोपियों में से एक को पकड़ लिया था। इससे पहले भी यहां केबल समेत अन्य कीमती सामान चोरी करने की घटनाएं हो चुकी हैं। पुलिस तक मामला पहुंचने के बावजूद कुछ समय बाद चोर फिर सक्रिय हो जाते हैं। इंदिरानगर, डहरिया समेत शहर के कई ट्यूबवेलों से चोरी हुई केबल बरामद करना तो दूर, पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार तक नहीं कर पाई है।

 

इन गांवों में हुई केबल चोरी की घटनाएं

 

वर्ष 2026 में अलग-अलग स्थानों पर नलकूपों को निशाना बनाया गया। विभाग की ओर से उपलब्ध कराई गई सूची के अनुसार देवला तल्ला में 10 फरवरी, दुर्गापालपुर में 13 जुलाई और 18 अगस्त, कल्याणपुर में 20 जुलाई, गंगापुर में 11 अगस्त, दुम्का बंगर-एक में 22 अगस्त और 19 सितंबर, भवानीपुर कृष्णा में 19 सितंबर तथा फत्ताबंगर में 30 अक्टूबर को केबल चोरी की घटनाएं हुईं।

 

नलकूपों का संचालन प्रभावित, विभाग की बढ़ी चिंता

 

लगातार केबल चोरी होने से नलकूपों के संचालन और सिंचाई योजनाओं के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। केबल कटने के बाद संबंधित स्थलों पर काम करना मुश्किल हो जाता है। इससे किसानों को सिंचाई संबंधी परेशानी होने के साथ ही पेयजल आपूर्ति पर भी असर पड़ने की आशंका है। विभाग का कहना है कि यदि समय रहते चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लगाया गया तो भविष्य में बड़ी समस्या खड़ी हो सकती है।

 

नलकूप खंड के अधिशासी अभियंता कवींद्र पंत ने बताया कि नलकूपों से लगातार केबल चोरी की घटनाएं हो रही हैं। इसके चलते साइटों पर काम करना मुश्किल हो गया है। पुलिस को केबल चोरी वाले नलकूपों की सूची भेजी गई है। चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लगा तो आने वाले समय में बड़ी समस्या खड़ी हो सकती है।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement