भाजपा को आज मिलेगा नया राष्ट्रीय अध्यक्ष, दिल्ली पहुंचे सीएम धामी—सियासी हलचल तेज
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को आज नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल जाएगा। पार्टी की ओर से इस संबंध में शुक्रवार को आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई थी। तय कार्यक्रम के अनुसार रविवार 19 जनवरी को नामांकन दाखिल किए गए, जबकि आज 20 जनवरी को नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम का औपचारिक ऐलान किया जाएगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनावी कार्यक्रम के बीच उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का दिल्ली पहुंचना सियासी रूप से अहम माना जा रहा है। सीएम धामी रविवार देर शाम दिल्ली रवाना हुए थे, जहां उन्होंने नामांकन प्रक्रिया के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। संगठन और आगामी रणनीति को लेकर उनकी सक्रिय भूमिका पर खास नजर रखी जा रही है।
निर्विरोध चयन की तैयारी
फिलहाल पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन हैं। माना जा रहा है कि भाजपा उन्हें ही निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन सकती है। ऐसे में नामांकन प्रक्रिया को औपचारिक माना जा रहा है। आज होने वाले कार्यक्रम में कई राज्यों के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता पार्टी मुख्यालय पहुंचे, जहां पूरे दिन राजनीतिक गतिविधियां तेज रहने की संभावना है।
नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन के साथ ही भाजपा के संगठनात्मक ढांचे और आगामी चुनावी रणनीति को लेकर भी अहम संकेत मिल सकते हैं। सीमावर्ती राज्य उत्तराखंड का नेतृत्व कर रहे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की राष्ट्रीय स्तर पर सक्रियता को संगठन के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ उनकी बैठकों में राज्यों से जुड़े संगठनात्मक फीडबैक और आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा हो सकती है।

