बजट सत्र से पहले 27 जनवरी को सर्वदलीय बैठक, 2026 के बजट को लेकर सरकार करेगी संसदीय कार्यों पर मंथन
केंद्र सरकार ने वित्त वर्ष 2026 के बजट सत्र से पूर्व 27 जनवरी को सर्वदलीय बैठक बुलाने का निर्णय लिया है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू द्वारा आहूत यह बैठक संसद की मुख्य समिति कक्ष में आयोजित होगी, जिसमें संसद के दोनों सदनों के फ्लोर लीडर शामिल होंगे।
बैठक में सरकार वित्त वर्ष 2026 के बजट सत्र के दौरान सदन में आने वाले संसदीय कार्यों के साथ-साथ महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मुद्दों पर विपक्षी दलों से चर्चा करेगी। सरकार का उद्देश्य बजट सत्र को सुचारू और प्रभावी ढंग से संचालित करना है।
गौरतलब है कि संसद का बजट सत्र 28 जनवरी से शुरू होकर 2 अप्रैल तक चलेगा, जिसके बीच एक अवकाश भी रहेगा। सत्र की शुरुआत राष्ट्रपति के अभिभाषण से होगी और उसी दिन आर्थिक सर्वेक्षण संसद में पेश किया जाएगा। 1 फरवरी को वित्त वर्ष 2026–27 का केंद्रीय बजट लोकसभा में प्रस्तुत किया जाएगा।

