पटना-लखनऊ खराब मौसम के बीच 17 हजार फीट पर इंडिगो विमान पर गिरी आकाशीय बिजली, 104 यात्री सुरक्षित
लखनऊ। पटना से लखनऊ आ रही इंडिगो की फ्लाइट खराब मौसम के बीच करीब 17 हजार फीट की ऊंचाई पर आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई। बिजली गिरने से विमान के अगले हिस्से यानी नोज को नुकसान पहुंचा। हालांकि, विमान में सवार सभी 104 यात्री और 6 क्रू सदस्य सुरक्षित रहे।
घटना के बाद विमान की लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। बताया गया कि विमान निर्धारित समय से करीब 8 मिनट पहले लखनऊ पहुंच गया। घटना की जानकारी के बाद नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
विमान को तकनीकी जांच और नियामकीय मंजूरी मिलने के बाद ही दोबारा उड़ान भरने की अनुमति दी जाएगी। राहत की बात यह रही कि आकाशीय बिजली की चपेट में आने के बावजूद विमान में सवार किसी यात्री या क्रू सदस्य को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
लैंडिंग के दौरान इंडिगो विमान का पिछला हिस्सा रनवे से छुआ
इससे पहले गुवाहाटी से बेंगलुरु आ रहे इंडिगो के एक विमान का पिछला हिस्सा तेज हवाओं के बीच दूसरी बार लैंडिंग का प्रयास करते समय रनवे से छू गया था। घटना के बाद विमान में सवार सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित रहे।
इंडिगो के अनुसार, घटना के बाद विमान की रखरखाव संबंधी जांच की गई। आवश्यक तकनीकी जांच और नियामकीय मंजूरी के बाद ही विमान को दोबारा परिचालन में शामिल किया जाएगा।
