महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल, इवनिंग वॉक के दौरान प्राइवेट पार्ट निकालकर अश्लील हरकत करता स्कूटी सवार कैमरे में कैद
नहर पटरी पर महिलाओं का पीछा, स्कूटी सवार की सरेआम अश्लील हरकत
बेखौफ दरिंदगी, इवनिंग वॉक बनी डर की वजह
हरिद्वार।
धार्मिक नगरी हरिद्वार में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। इवनिंग वॉक के लिए निकली महिलाओं और युवतियों के सामने एक अधेड़ उम्र के व्यक्ति द्वारा सरेआम अश्लील हरकत करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
मामला 18 जनवरी का बताया जा रहा है। आरोप है कि नहर पटरी (शंकराचार्य चौक के पास) स्कूटी सवार व्यक्ति काफी देर तक युवतियों का पीछा करता रहा। इसके बाद उसने बीच सड़क स्कूटी पर बैठे-बैठे ही प्राइवेट पार्ट निकालकर अश्लील हरकत शुरू कर दी। आरोपी की स्कूटी पर नंबर प्लेट नहीं थी, जिससे उसकी पहचान तत्काल नहीं हो सकी।
युवती ने दिखाई हिम्मत, बनाया वीडियो
घटना के दौरान एक युवती ने साहस दिखाते हुए आरोपी की हरकत को अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में भारी आक्रोश है।
हालांकि, अभी तक पीड़िता की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जांच में जुटी
हरिद्वार एसपी सिटी अभय सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि स्कूटी सवार की पहचान और उसकी गतिविधियों का पता लगाया जा सके।
देहरादून की घटना से जुड़ रहा मामला
गौरतलब है कि इससे पहले 17 जनवरी को देहरादून के पुराने डालनवाला इलाके में भी इसी तरह की घटना सामने आई थी। वहां एक युवक ने युवती का पीछा कर अश्लील हरकत की और दुष्कर्म की कोशिश का आरोप लगा। उस मामले में CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने 25 वर्षीय करणजीत सिंह को गिरफ्तार किया था।
लगातार घटनाओं से बढ़ी चिंता
राज्य में लगातार सामने आ रही इस तरह की घटनाओं ने महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस से संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ाने और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

