मां भगवती की भक्ति से जीवन में शांति और समृद्धि प्राप्त होती है – पं. मनोज कृष्ण जोशी
लालकुआं।
श्री बिंदेश्वर महादेव मंदिर, इंद्रा नगर–2, बिंदुखत्ता में आयोजित नौ दिवसीय श्रीमद देवी भागवत महाज्ञान यज्ञ के दूसरे दिन भक्तिरस से ओतप्रोत वातावरण देखने को मिला। कथा व्यास पं. मनोज कृष्ण जोशी ने देवी भागवत कथा के प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन करते हुए कहा कि मां भगवती की सच्ची भक्ति से जीवन में शांति, सुख, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
उन्होंने कहा कि मां जगदंबा समस्त सृष्टि की पालनहार हैं और उनके स्मरण मात्र से भक्तों के कष्ट दूर होते हैं। पं. जोशी ने श्रद्धालुओं से नित्य मां का स्मरण, सत्कर्म और धर्म के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। कथा के दौरान देवी महात्म्य, शक्ति उपासना और भक्तों के जीवन से जुड़े प्रेरक प्रसंगों का उल्लेख किया गया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
कथा के दौरान मंदिर परिसर जयकारों और भजनों से गूंजता रहा। श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित होकर देवी भागवत कथा का रसपान करते नजर आए। सायंकालीन समय में आरती और भजन-कीर्तन के साथ वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
आयोजन के अवसर पर समाजसेवी लक्ष्मण सिंह भंडारी की ओर से रात्रि भोज का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में समिति अध्यक्ष शेर सिंह दानू, कोषाध्यक्ष गोकुलानंद उपाध्याय, सचिव देव सिंह देवली सहित समस्त आयोजन समिति का विशेष योगदान रहा।
इस अवसर पर राधा वल्लभ पांडे, चेतन पांडे, नंदन ऐरी, मनोज बसनायत, सागर शर्मा, विपिन चंद्र जोशी, बीना जोशी, शिवराज बिष्ट, रणजीत मेहरा, संजय टाकूली, कैलाश जोशी, सीमा रावत, बबीता बसनायत, सरिता गंगोला, देवकी गोस्वामी, माया उपाध्याय, पुष्पा भंडारी, गीता दानू, ईश्वर काला, धीरज कुंवर, रमेश गोस्वामी, पंकज गोस्वामी, अमित दानू, विजय सामंत, राजू भंडारी, लक्ष्मण भंडारी सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
नौ दिवसीय श्रीमद देवी भागवत महाज्ञान यज्ञ के आगामी दिनों में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, कथा प्रवचन एवं भजन-कीर्तन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

