उत्तराखंड यहां पहुँचे मुख्यमंत्री योगी बने परिवार के सदस्य, हर चेहरे पर दिखी मुस्कान

Spread the love

उत्तराखंड यहां पहुँचे मुख्यमंत्री योगी बने परिवार के सदस्य, हर चेहरे पर दिखी मुस्कान

शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे तो माहौल पूरी तरह पारिवारिक हो गया। उनसे मिलने के लिए सुबह से ही लोगों का तांता लगा रहा। ऋषिकेश, नरेंद्र नगर, कोटद्वार, देहरादून सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे प्रशंसक, रिश्तेदार, ग्रामीण और जनप्रतिनिधि मुख्यमंत्री से मिलने के इंतजार में दिखाई दिए। कई लोग अपने परिचितों और मित्रों को भी मुख्यमंत्री से मिलवाने गांव पहुंचे थे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गांव भ्रमण के दौरान बच्चों और ग्रामीणों से आत्मीय संवाद किया। रास्ते में मिले छोटे-बड़े बच्चों को उन्होंने स्नेहपूर्वक दुलार किया। इसी दौरान एक नन्हा बच्चा फूल लेकर मुख्यमंत्री के पास पहुंचा और उनके पैर छुए। मुख्यमंत्री ने बच्चे को चॉकलेट की पोटली भेंट की। जब बच्चा वह पोटली अपने दादा को देने लगा, तो मुख्यमंत्री ने मुस्कराते हुए कहा— “हम भी तेरे दादा जैसे ही हैं।” इस दृश्य ने वहां मौजूद लोगों को भावुक कर दिया।
मुख्यमंत्री के आवास पर नवविवाहित जोड़ा शिवानी बडोला और योगेश सेमवाल भी पहुंचा, जिन्हें मुख्यमंत्री ने आशीर्वाद दिया और उनके साथ फोटो खिंचवाई। वहीं कांडी निवासी जयवीर नेगी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने उनसे नाम और पता पूछा। पहले पहचान नहीं बन पाई, लेकिन पिता और चाचा का नाम सुनते ही मुख्यमंत्री ने उन्हें पहचान लिया और परिवार का कुशलक्षेम भी जाना।
इस दौरान कुछ ग्रामीण युवतियां अपनी शादी के निमंत्रण पत्र लेकर मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचीं और विवाह समारोह में शामिल होने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने सहर्ष निमंत्रण स्वीकार करते हुए उनके साथ फोटो खिंचवाई।
दो दिवसीय कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता इंटर कॉलेज यमकेश्वर में नव निर्मित दोमंजिला कक्षा-कक्ष भवन का लोकार्पण किया तथा पंचूर गांव में निर्माणाधीन मंदिर का निरीक्षण भी किया। शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे गांव भ्रमण के दौरान उन्होंने ग्रामीणों और बच्चों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं। शाम को अपनी माता से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने दोनों बहनों सहित उपस्थित लोगों का हाथ जोड़कर अभिवादन किया और अपने आवास से विदा हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *