विधायक शिव अरोड़ा के हस्तक्षेप पर पहुंची पुलिस, दोनों को कराया मुक्त; अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप
रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर स्थित पार्क हॉस्पिटल में मरीज की मौत के बाद बिल भुगतान को लेकर विवाद खड़ा हो गया। मृतक के परिजनों ने अस्पताल कर्मचारियों पर 28 हजार रुपये की मांग करने और रकम जमा नहीं करने पर दो रिश्तेदारों को कथित रूप से बंधक बनाने का आरोप लगाया है। मामला विधायक शिव अरोड़ा तक पहुंचा तो उन्होंने हस्तक्षेप करते हुए पुलिस को मौके पर बुलाया और दोनों रिश्तेदारों को मुक्त कराया।
जानकारी के मुताबिक, बिलासपुर निवासी विशाल गिरि की शुक्रवार दोपहर अचानक तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें लेकर रुद्रपुर के पार्क हॉस्पिटल पहुंचे। परिजनों का कहना है कि अस्पताल के भीतर ले जाने के दौरान ही विशाल की मौत हो गई थी। उपचार के लिए अस्पताल में शुरुआत में 10 हजार रुपये जमा कराए गए थे। करीब आधे घंटे बाद अस्पताल की ओर से परिजनों को उनकी मौत की सूचना दी गई।
मौत के बाद 28 हजार रुपये का बिल, दो रिश्तेदारों को बनाया बंधक
विशाल गिरि की मृत्यु के बाद पुलिस को सूचना दी गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इस बीच मृतक के अन्य रिश्तेदारों को भी अस्पताल बुलाया गया। आरोप है कि अस्पताल पहुंचे दो रिश्तेदारों से कर्मचारियों ने 28 हजार रुपये जमा कराने को कहा। रकम नहीं देने पर दोनों को अस्पताल परिसर में बंधक बनाकर रखा गया।
पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर परिजनों को बताई घटना
अस्पताल में रोके गए दोनों रिश्तेदारों ने इसकी जानकारी पोस्टमार्टम हाउस में मौजूद परिवार के अन्य सदस्यों को दी। परिजनों ने इस घटना को लेकर विधायक शिव अरोड़ा से शिकायत की। सूचना मिलने पर विधायक पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
विधायक के हस्तक्षेप पर पुलिस ने छुड़ाए दोनों रिश्तेदार
विधायक शिव अरोड़ा ने पुलिस अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस अस्पताल पहुंची और दोनों रिश्तेदारों को बंधन से मुक्त कराया। विधायक ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को इस तरह परेशान करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उधर, अस्पताल प्रबंधन पर लगाए गए आरोपों को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मरीज की मौत के बाद बिल भुगतान को लेकर दो रिश्तेदारों को कथित रूप से बंधक बनाए जाने के मामले ने क्षेत्र में चर्चा तेज कर दी है। आरोपों की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।



