देहरादून हत्याकांड का खुलासा – शहीद कर्नल के बेटे अर्जुन शर्मा के दोनों शूटर मुठभेड़ में गिरफ्तार
देहरादून। तिब्बती मार्केट में दिनदहाड़े हुई गैस एजेंसी संचालक अर्जुन शर्मा की हत्या के मामले में पुलिस ने महज़ 24 घंटे के भीतर बड़ी कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। अर्जुन शर्मा शहीद कर्नल आर.सी. शर्मा के पुत्र थे और उनकी हत्या से पूरे शहर में सनसनी फैल गई थी।
पुलिस के अनुसार पहली मुठभेड़ रायपुर थाना क्षेत्र के लाडपुर जंगल में हुई, जहां संदिग्धों ने घेराबंदी के दौरान पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे मौके से दबोच लिया गया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने दूसरी कार्रवाई लालतप्पड़ क्षेत्र की एक खंडहर फैक्ट्री में की, जहां दूसरे आरोपी ने भी पुलिस टीम पर गोली चलाई। जवाबी फायरिंग में वह भी घायल हो गया और गिरफ्तार कर लिया गया।
दोनों आरोपियों को उपचार के लिए कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से तमंचे और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है।
एसएसपी के मुताबिक प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने हत्या में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब पूरे षड्यंत्र और संभावित मास्टरमाइंड की भूमिका की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि वारदात का तरीका पेशेवर शूटरों जैसा है और घटना से पहले आरोपियों ने पूरी रेकी की थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अर्जुन शर्मा फल खरीदकर अपनी कार की ओर लौट रहे थे, तभी घात लगाए हमलावरों ने उन पर गोली चला दी। फल विक्रेताओं ने बताया कि वह तीन अनानास लेकर लौट रहे थे, उसी दौरान हमला हुआ।

