दुर्घटनाओं की जड़ तक पहुंचने की पहल — रोड सेफ्टी पर बड़ा कदम, क्रैश एनालिसिस प्रशिक्षण आयोजित
हल्द्वानी, सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और दुर्घटनाओं के मूल कारणों तक पहुंचने के उद्देश्य से सम्भागीय परिवहन कार्यालय हल्द्वानी की ओर से गुरुवार को होटल क्लार्क इन, रामपुर रोड में सड़क दुर्घटनाओं के वैज्ञानिक विश्लेषण विषय पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) गुरुदेव सिंह ने मुख्य अतिथि संयुक्त परिवहन आयुक्त राजीव कुमार मेहरा एवं अन्य अतिथियों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में जे.पी. रिसर्च इंडिया लिमिटेड के विशेषज्ञ सुमित कुल ने “साइंटिफिक क्रैश इन्वेस्टिगेशन” पर विस्तृत व्याख्यान देते हुए दुर्घटनाओं की वैज्ञानिक जांच की आधुनिक तकनीकों, डिजिटल उपकरणों के उपयोग और डेटा आधारित विश्लेषण की जानकारी दी। सहायक निदेशक (सड़क सुरक्षा) नरेश संगल ने उत्तराखंड में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति, कारणों और रोकथाम के उपायों पर प्रस्तुति दी।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य दुर्घटनाओं के कारणों का तथ्यात्मक विश्लेषण कर उनकी पुनरावृत्ति रोकना तथा घायलों व मृतकों की संख्या में प्रभावी कमी लाना है। प्रतिभागियों को दुर्घटना स्थलों के सूक्ष्म निरीक्षण, आंकड़ों के संकलन व विश्लेषण, ब्लैक स्पॉट की पहचान, यातायात प्रबंधन सुधार और सुरक्षा मानकों के अनुपालन की विस्तृत जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि सड़क अभियांत्रिकी, सख्त प्रवर्तन और जन-जागरूकता के समन्वित प्रयासों से ही दुर्घटनाओं में सार्थक कमी लाई जा सकती है।
कार्यक्रम में परिवहन, पुलिस, लोक निर्माण, राष्ट्रीय राजमार्ग, स्वास्थ्य, राजस्व, वन, नगर निगम, परिवहन निगम, ट्रक यूनियन तथा चालक प्रशिक्षण संस्थानों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व प्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के अंत में प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए और कार्यक्रम का समापन सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) अरविन्द पाण्डेय के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

