स्वस्थ पत्रकार, सशक्त लोकतंत्र – हल्द्वानी मीडिया सेंटर में लगा निशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 100+ लोगों ने उठाया लाभ

Spread the love

स्वस्थ पत्रकार, सशक्त लोकतंत्र – हल्द्वानी मीडिया सेंटर में लगा निशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 100+ लोगों ने उठाया लाभ

हल्द्वानी। पत्रकारों की व्यस्त जीवनशैली और अनियमित दिनचर्या को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर गुरुवार को हल्द्वानी मीडिया सेंटर में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग द्वारा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग के सहयोग से एक दिवसीय निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया।
शिविर का निरीक्षण जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी नैनीताल तथा संयुक्त निदेशक सूचना नितिन उपाध्याय ने किया और उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सेवाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी रयाल ने कहा कि स्वस्थ पत्रकारिता ही सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला है, क्योंकि स्वतंत्र, निष्पक्ष और निर्भीक मीडिया शासन-प्रशासन को जवाबदेह बनाते हुए समाज को जागरूक करता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मीडिया प्रतिनिधियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण के प्रति संवेदनशील है और उनकी स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करना प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री के जनकल्याणकारी दृष्टिकोण के अनुरूप आयोजित शिविर में एक्स-रे, ईसीजी, बीपी, शुगर, थायराइड सहित विभिन्न रक्त जांच की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में हृदय रोग, हड्डी रोग, स्त्री रोग, नेत्र रोग, दंत चिकित्सा एवं सामान्य रोग विशेषज्ञों ने पत्रकारों और उनके परिजनों का परीक्षण किया तथा आवश्यक औषधियां निशुल्क वितरित की गईं।
हल्द्वानी, रामनगर, लालकुआं और कालाढूंगी सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया प्रतिनिधियों तथा उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर का लाभ लगभग 100 से अधिक लोगों ने उठाया।
संयुक्त निदेशक सूचना नितिन उपाध्याय ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार ऐसे स्वास्थ्य शिविर समय-समय पर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक मीडिया कर्मियों और आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। उन्होंने इसे “सबका स्वास्थ्य, सबका विकास” की भावना को साकार करने वाला प्रयास बताया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरीश चन्द्र पंत एवं संयुक्त निदेशक सूचना नितिन उपाध्याय ने संयुक्त रूप से किया। शिविर में डॉ. आर.एस. कुंवर (फिजिशियन), डॉ. सुधांशु सिंह (हृदय रोग विशेषज्ञ), डॉ. पी.एस. खोलिया (हड्डी रोग विशेषज्ञ), डॉ. अनीता पवार (स्त्री रोग विशेषज्ञ), डॉ. विजय (नेत्र रोग विशेषज्ञ), डॉ. दीप्ति (दंत रोग विशेषज्ञ), फार्मेसिस्ट दीपा सुनारी, जिला सूचना अधिकारी गिरिजा जोशी, सूचना अधिकारी अहमद नदीम सहित अनेक चिकित्सक, अधिकारी व मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *