कल से शुरू होंगी सीबीएसई बोर्ड परीक्षाएं, 17 हजार छात्र देंगे परीक्षा
जिले में मंगलवार से सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं का माहौल शुरू होने जा रहा है। जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली इन परीक्षाओं में हाईस्कूल के लगभग 10 हजार और इंटरमीडिएट के करीब 7 हजार विद्यार्थी शामिल होंगे। प्रशासन और शिक्षा विभाग ने परीक्षाओं को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलविहीन बनाने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
परीक्षा समन्वयक भावना भनोट ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर निरीक्षक कक्ष बनाए गए हैं तथा निरीक्षकों और केंद्र व्यवस्थापकों की ड्यूटी निर्धारित कर दी गई है। प्रत्येक केंद्र पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या नकल की संभावना को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।
उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है। परीक्षा केंद्रों पर साफ-सफाई, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं, जिससे विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। प्रशासन ने छात्रों और अभिभावकों से सहयोग की अपील करते हुए समय से परीक्षा केंद्र पहुंचने का आग्रह किया है।

