मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी में देहरादून विजेता, खिलाड़ियों को डीबीटी से 11 करोड़ की पुरस्कार राशि
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को ननूरखेड़ा, देहरादून में आयोजित मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी 2025-26 के समापन समारोह में प्रतिभाग करते हुए देहरादून जनपद को विजेता ट्रॉफी और 5 लाख रुपये का चेक प्रदान किया। उन्होंने कहा कि यह समापन केवल प्रतियोगिता का अंत नहीं बल्कि उत्तराखंड के उज्ज्वल खेल भविष्य की नई शुरुआत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल आयोजन अब गांव-गांव, न्याय पंचायतों और दूरस्थ पहाड़ी क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम बन गए हैं और उत्तराखंड अब देवभूमि के साथ-साथ खेलभूमि के रूप में भी पहचान बना रहा है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता की 11 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे खिलाड़ियों के खातों में भेजी जा रही है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में खेल संस्कृति को नई ऊर्जा मिली है और भारतीय खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर ऐतिहासिक प्रदर्शन कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित कर रही है। 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड ने 103 पदक जीतकर पहली बार सातवां स्थान हासिल किया, जो प्रदेश के लिए गौरव की बात है। स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान के तहत आठ शहरों में 23 खेल अकादमियाँ स्थापित की जाएँगी, जबकि हल्द्वानी में प्रदेश की पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का निर्माण किया जा रहा है।
नई खेल नीति के तहत खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति, उपकरण सहायता और प्रशिक्षकों के मानदेय में वृद्धि जैसे प्रावधान किए गए हैं। उत्कृष्ट खिलाड़ियों को “उत्तराखंड खेल रत्न”, “द्रोणाचार्य पुरस्कार” और “हिमालय खेल रत्न” जैसे सम्मान दिए जा रहे हैं तथा राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक विजेताओं को सरकारी नौकरियों में 4 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण भी मिलेगा।
खेल मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि 23 नवंबर 2025 से न्याय पंचायत स्तर से शुरू हुई प्रतियोगिताओं का समापन 18 फरवरी 2026 को हुआ, जिसमें 1.62 लाख से अधिक खिलाड़ियों ने 26 खेल स्पर्धाओं में भाग लिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन भविष्य के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा काऊ, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, खेल निदेशक डॉ. आशीष चौहान, जिलाधिकारी सविन बंसल, सीडीओ अभिनव शाह सहित अनेक अधिकारी मौजूद रहे।

