(बड़ी खबर) लालकुआं 1.022 किलो चरस के साथ बिंदुखत्ता निवासी तस्कर गिरफ्तार, दो साथी फरार एसओजी और हल्दूचौड़ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, काले रंग की कार जब्त

Spread the love
लालकुआं।
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत  पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसओजी नैनीताल और चौकी हल्दूचौड़ थाना लालकुआं पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को 1.022 किलोग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से चरस तस्करी में प्रयुक्त काले रंग की अल्टो कार को भी कब्जे में लिया है। वहीं, दो अन्य आरोपी पुलिस की भनक लगते ही मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल के निर्देशन में चल रहे “मिशन ड्रग फ्री देवभूमि ऑपरेशन प्रहार” के तहत नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी, पुलिस उपाधीक्षक लालकुआं और प्रभारी निरीक्षक लालकुआं के पर्यवेक्षण में एसओजी व हल्दूचौड़ पुलिस टीम ने हीरन बाबा मंदिर के पास खैरानी हल्दूचौड़ क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया।
इस दौरान पुलिस ने राम सिंह दानू पुत्र बाला सिंह दानू निवासी इंदिरानगर प्रथम, बिंदुखत्ता, थाना लालकुआं को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 1.022 किलोग्राम अवैध चरस बरामद हुई। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार संख्या यूके 04 एएस 9754 (अल्टो, काला रंग) को भी जब्त कर लिया।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपने फरार साथियों के साथ मिलकर चरस की खरीद-फरोख्त करता था और इससे होने वाली कमाई को आपस में बांट लेते थे।
मामले में पुलिस ने थाना लालकुआं में मुकदमा अपराध संख्या 87/2026 के तहत धारा 8/20/29/60 एनडीपीएस एक्ट में अभियोग पंजीकृत किया है। फरार आरोपियों दीपक दानू पुत्र हयात सिंह दानू निवासी इंदिरानगर प्रथम बिंदुखत्ता और गोपाल नाथ गोस्वामी पुत्र कुंवर नाथ निवासी हल्दूचौड़ डीना के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में चौकी प्रभारी हल्दूचौड़ उपनिरीक्षक अर्जुन गिरी, एसओजी के हेड कांस्टेबल कुंदन सिंह कठायत, कांस्टेबल भूपेंद्र जेष्ठा, कांस्टेबल अनिल गिरी और चौकी हल्दूचौड़ के कांस्टेबल कुबेर सिंह राणा शामिल रहे।
 पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *