(उत्तराखंड)  मां के निधन के बाद लंबे समय से विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगाकर हो रही थी दुःखी – चार साल से लंबित प्रमाण पत्र कुछ घंटों में जारी, डीएम की तत्परता से तान्या को आखिरकार मिली राहत

Spread the love

उत्तराखंड  मां के निधन के बाद लंबे समय से विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगाकर हो रही थी दुःखी – चार साल से लंबित प्रमाण पत्र कुछ घंटों में जारी, डीएम की तत्परता से तान्या को आखिरकार मिली राहत

 

देहरादून, 18 फरवरी 2026। जिला प्रशासन की सक्रियता और संवेदनशील कार्यशैली का उदाहरण उस समय सामने आया जब खुड़बुड़ा निवासी सुश्री तान्या सिंघल की चार वर्षों से लंबित समस्या का समाधान एक ही दिन में कर दिया गया। अपनी माता के निधन के बाद उत्तरजीवी प्रमाण पत्र बनवाने के लिए लंबे समय से विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगा रहीं तान्या को आखिरकार जिलाधिकारी सविन बंसल के हस्तक्षेप से राहत मिल गई।
तान्या ने जिलाधिकारी को प्रार्थना-पत्र देकर बताया कि उनकी माता का दिसंबर 2022 में निधन हो गया था और नगर निगम के संपत्ति रजिस्टर में अपना नाम दर्ज कराने के लिए उन्हें उत्तरजीवी प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी। उन्होंने कहा कि कई प्रयासों के बावजूद प्रमाण पत्र जारी नहीं हो पा रहा था, जिससे उन्हें लगातार परेशानी उठानी पड़ रही थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तहसीलदार सदर को तुरंत जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। निर्देश मिलते ही संबंधित अधिकारियों ने सभी अभिलेखों का परीक्षण कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की और उसी दिन 29 जनवरी को तान्या सिंघल को उत्तरजीवी प्रमाण पत्र जारी कर दिया।
प्रमाण पत्र मिलने के बाद तान्या ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर आभार व्यक्त किया और प्रशासन की तत्परता व संवेदनशीलता की सराहना की। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नागरिकों से जुड़े प्रमाण-पत्र और अन्य सेवाओं से संबंधित मामलों का समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े।
जिला प्रशासन ने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित समाधान उसकी प्राथमिकता है और भविष्य में भी ऐसे मामलों में शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *