नैनीताल नौकरी छूटने के बाद पैसों के लालच में नशे के कारोबार में उतरा युवक, बनभूलपुरा से स्मैक खरीदकर काठगोदाम पहुंचा, लाखों की स्मैक बरामद, तस्कर सलाखों के पीछे

Spread the love

 

हल्द्वानी। नौकरी छूटने के बाद पैसों के लालच में नशे के अवैध कारोबार में उतरे एक युवक को नैनीताल पुलिस की SOG और काठगोदाम पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।

 

मुख्यमंत्री के ‘मिशन ड्रग फ्री देवभूमि’ और ऑपरेशन प्रहार के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने जनपद में नशे की तस्करी रोकने और इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में पुलिस अधिकारियों के पर्यवेक्षण में SOG और काठगोदाम पुलिस की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग का अभियान चलाया।

 

मंगलवार 24 नवंबर को चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने कैनाल रोड काठगोदाम में एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से 10 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने तत्काल उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान भास्कर तिवारी उर्फ भानु (32 वर्ष) पुत्र कैलाश चंद्र तिवारी, निवासी सेंट पॉल स्कूल के पीछे काठगोदाम के रूप में हुई है।

 

ब्लिंकिट में करता था डिलीवरी का काम

 

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले ब्लिंकिट में डिलीवरी का काम करता था, लेकिन वर्तमान में उसके पास नौकरी नहीं थी। नौकरी छूटने के बाद पैसों की जरूरत और अधिक कमाई के लालच में वह नशे के कारोबार से जुड़ गया। आरोपी के अनुसार, वह बनभूलपुरा क्षेत्र में किसी रेलवे फाटक के पास से स्मैक खरीदकर लाया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी स्मैक किससे खरीदता था और इस अवैध कारोबार में उसके साथ अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।

 

NDPS एक्ट में मुकदमा दर्ज

 

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली काठगोदाम में एफआईआर संख्या 144/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस बरामद स्मैक के स्रोत और तस्करी के नेटवर्क की जांच कर रही है।

 

इन अधिकारियों और जवानों की रही भूमिका

 

कार्रवाई में सीओ लालकुआं विमल प्रसाद, प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह चौहान, उपनिरीक्षक दिलीप कुमार (प्रभारी चौकी मल्ला काठगोदाम), SOG कांस्टेबल भानू ओली, कांस्टेबल करतार, दिनेश राणा और महिला कांस्टेबल शीला कुंवर शामिल रहे। अधिकारियों ने बताया कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement