तीन आरोपी गिरफ्तार, अवैध हथियार बरामद
पुरानी रंजिश में चली गोलियां, पुलिस ने 72 घंटे में दबोचे तीन शूटर-
गुंडागर्दी पर एसएसपी का सख्त एक्शन – पिस्टल-तमंचा सहित आरोपी गिरफ्तार
कालाढूंगी (नैनीताल)। क्षेत्र में आपसी रंजिश के चलते हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से दो अवैध पिस्टल, एक तमंचा और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। मामले में त्वरित कार्रवाई पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने पुलिस टीम को 1500 रुपये का पुरस्कार देकर उत्साहवर्धन किया।
पुलिस के अनुसार 14 फरवरी 2026 की रात डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि हल्द्वानी रोड स्थित बैलपोखरा गांव तिराहे के पास कुछ लोगों के बीच झगड़ा हुआ है और फायरिंग की गई है। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी रामनगर, प्रभारी निरीक्षक कालाढूंगी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन घटनास्थल पर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं मिला। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर वीडियोग्राफी कराई और मौके से कई खोखे बरामद किए।
इस मामले में 16 फरवरी को वादिनी बलजीत कौर निवासी बच्चीनगर ने रंजीत सिंह, मनदीप सिंह उर्फ मंगा, गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ नामजद तहरीर दी। तहरीर के आधार पर कोतवाली कालाढूंगी में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना वरिष्ठ उपनिरीक्षक पंकज जोशी को सौंपी गई।
एसएसपी के निर्देश पर एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल व सीओ रामनगर सुमित पांडे के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सैनी के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। सुरागरसी-पतारसी के दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने 20 फरवरी को गडप्पू बैरियर के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वादिनी के पति के मित्र हरभजन की रंजीत सिंह से पुरानी रंजिश थी। घटना वाली रात हरभजन ने उसे मौके पर बुलाया, जहां गाली-गलौज और मारपीट के बाद फायरिंग की गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत अलग मुकदमा भी दर्ज किया है और उनके विरुद्ध गैर-जमानती वारंट जारी किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में गुरप्रीत सिंह (33) निवासी शेखपुरा थाना स्वार रामपुर, रंजीत सिंह (31) निवासी बैलपोखरा कालाढूंगी और मनदीप सिंह उर्फ मंगा निवासी उदयपुर (महादेव) बैलपड़ाव शामिल हैं। पुलिस के अनुसार रंजीत सिंह के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मुकदमा दर्ज है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सैनी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक पंकज जोशी, दीपक बिष्ट, राजवीर सिंह, राजेश जोशी (एसओजी), देवेंद्र राणा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

