होली पर यात्रियों को तोहफा – मुंबई सेंट्रल–काठगोदाम साप्ताहिक सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन शुरू- मुंबई से कुमाऊं तक सीधी कनेक्टिविटी, सीमित फेरों के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन
होली स्पेशल ट्रेन की घोषणा, कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव
27 घंटे में 1586 किमी सफर: मुंबई–काठगोदाम विशेष ट्रेन का शेड्यूल जारी
रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर है। होली पर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने मुंबई सेंट्रल से काठगोदाम के बीच साप्ताहिक सुपरफास्ट विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। पश्चिम रेलवे द्वारा संचालित यह विशेष सेवा सीमित फेरों के लिए चलाई जाएगी, जिससे उत्तराखंड और मुंबई के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
ट्रेन संख्या 09075/09076 मुंबई सेंट्रल–काठगोदाम–मुंबई सेंट्रल साप्ताहिक सुपरफास्ट स्पेशल के रूप में संचालित होगी। ट्रेन संख्या 09075 मुंबई सेंट्रल से प्रत्येक बुधवार सुबह 10:55 बजे रवाना होगी और रास्ते में बोरीवली, वापी, सूरत, वडोदरा, रतलाम, नागदा, कोटा, गंगापुर सिटी, हिंडौन सिटी, भरतपुर, मथुरा, हाथरस सिटी, कासगंज, बदायूं, बरेली जंक्शन, बरेली सिटी, इज्जतनगर, बहेरी, किच्छा, लालकुआं और हल्द्वानी होते हुए गुरुवार दोपहर 2:30 बजे काठगोदाम पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 09076 गुरुवार शाम 5:30 बजे काठगोदाम से रवाना होकर हल्द्वानी, लालकुआं, बहेड़ी, इज्जतनगर, बरेली, बदायूं, कासगंज, हाथरस, मथुरा, भरतपुर, गंगापुर सिटी, कोटा, नागदा, रतलाम, वडोदरा, सूरत और वलसाड होते हुए रात 9:00 बजे मुंबई सेंट्रल पहुंचेगी।
रेलवे के अनुसार यह ट्रेन लगभग 1586 किलोमीटर की दूरी करीब 27 घंटे में तय करेगी। मुंबई सेंट्रल से इसका संचालन 25 फरवरी, तथा मार्च में 4, 11, 18 और 25 मार्च को किया जाएगा। वहीं काठगोदाम से वापसी सेवा 26 फरवरी, 5 मार्च, 12 मार्च, 19 मार्च और 26 मार्च को चलेगी।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों के समय यात्रियों की भारी मांग को देखते हुए यह विशेष ट्रेन चलाई जा रही है, जिससे नियमित ट्रेनों पर दबाव कम होगा और यात्रियों को सुविधाजनक यात्रा विकल्प मिल सकेगा।

