हल्द्वानी। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जनपद पुलिस लगातार अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में एसएसपी ने सोमवार को उत्तराखंड उच्च न्यायालय नैनीताल की समग्र सुरक्षा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर अधीनस्थ अधिकारियों को सुरक्षा मानकों को और मजबूत करने के निर्देश दिए।
एसएसपी के निर्देशन तथा एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र के पर्यवेक्षण में मुख्य सुरक्षा अधिकारी राकेश बिष्ट, प्रभारी निरीक्षक मल्लीताल, बीडीएस व डॉग स्क्वाड सहित पुलिस टीमों द्वारा न्यायालय परिसर में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। परिसर में आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की प्रभावी एंटी-सबोटाज जांच व फ्रिस्किंग की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने सभी प्रवेश द्वारों और बैरियरों पर पुलिस व्यवस्थाओं का आकलन किया तथा अधिवक्ताओं, वादकारियों, अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए श्रेणीवार प्रवेश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए सुरक्षा ऑडिट टीम को उन्नत सुरक्षा योजना तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने प्रभावी सीसीटीवी ग्रिड तैयार कर कैमरों के समुचित व्यवस्थापन, तथा तैनात पुलिस बल—क्यूआरटी, वायरलेस, चौकी, फायर व बीडीएस टीमों की तैनाती का भी मूल्यांकन किया। सुरक्षा ऑडिट समिति को विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में एसपी संचार रेवाधर मठपाल, सीओ रामनगर सुमित पांडे, मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार, निरीक्षक हेम चंद्र पंत, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र शर्मा, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, दूरसंचार निरीक्षक राजकुमार बिष्ट, निरीक्षक निधि राणा सहित 46 पीएसी कंपनी कमांडर और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

