दून पुलिस ने फिर पेश की मिसाल – रोज़ा तोड़कर जवान ने बचाई महिला की जान
देहरादून।
मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की एक प्रेरक मिसाल पेश करते हुए दून पुलिस के जवान ने रमज़ान के पवित्र महीने में रोज़ा तोड़कर एक गंभीर रूप से बीमार महिला के लिए रक्तदान किया।
पुलिस लाइन देहरादून में नियुक्त हेड कांस्टेबल इमरान अली को व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि उत्तरकाशी निवासी एक व्यक्ति की पत्नी जॉली ग्रांट अस्पताल में गंभीर अवस्था में उपचाराधीन हैं और उन्हें तत्काल रक्त की आवश्यकता है।
सूचना मिलते ही हेड कांस्टेबल इमरान अली ने बिना देर किए अस्पताल पहुंचकर रक्तदान किया। रमज़ान के दौरान रोज़े की स्थिति में होने के बावजूद उन्होंने मानवता को सर्वोपरि रखते हुए रोज़ा तोड़कर महिला की जान बचाने में योगदान दिया।
इस सराहनीय कदम के लिए महिला के परिजनों ने दून पुलिस और विशेष रूप से हेड कांस्टेबल इमरान अली का आभार व्यक्त किया।
दून पुलिस का यह कार्य एक बार फिर साबित करता है कि वर्दी के पीछे केवल कानून का पालन करने वाला अधिकारी ही नहीं, बल्कि संवेदनशील और मानवता से भरा इंसान भी होता है।

