यूपी-उत्तराखंड बॉर्डर पर बड़ा हादसा , हाईवे पर धू-धूकर जली गाड़ी -चलती पिकअप बनी आग का गोला, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान

Spread the love

देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र में दिल्ली-यमुनोत्री नेशनल हाईवे पर उस समय हड़कंप मच गया, जब सहारनपुर की ओर जा रही एक पिकअप से अचानक हल्का धुआं उठता दिखाई दिया। शुरुआत में लोगों को लगा कि शायद इंजन गर्म हो गया होगा, लेकिन कुछ ही सेकंड में हालात भयावह हो गए।
धुआं तेजी से काले गुबार में बदला और फिर अचानक लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते चलती पिकअप आग का गोला बन गई। ड्राइवर ने जैसे ही आग भड़कती देखी, बिना देर किए चलती गाड़ी से छलांग लगा दी। वह सड़क किनारे गिरा, लेकिन तुरंत संभलकर दूर जा खड़ा हुआ। उसकी सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया।
हाईवे पर अफरातफरी का माहौल बन गया। पीछे से आ रहे वाहनों के पहिए थम गए। कुछ चालकों ने अपनी गाड़ियां तेजी से पीछे मोड़ लीं। आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़े। किसी ने पानी की बोतलें फेंकी तो किसी ने मिट्टी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी विकराल थीं कि कोई पास तक नहीं जा सका।
घटना यूपी-उत्तराखंड बॉर्डर के दर्रारीट, टिमली क्षेत्र के पास की बताई जा रही है। कुछ ही मिनटों में पूरी गाड़ी धू-धूकर जल गई और आखिर में केवल लोहे का ढांचा बचा रह गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
स्थानीय लोगों के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट या ईंधन लीकेज के कारण लगी हो सकती है। फिलहाल प्रशासन मामले की जांच में जुटा है। जिसने भी यह मंजर देखा, वह कुछ देर तक सहमा रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *