उत्तराखंड में दूध उत्पादन ने पकड़ी रफ्तार, मांग से अधिक हुआ उत्पादन –  सौरभ बहुगुणा 

Spread the love

उत्तराखंड में दूध उत्पादन ने पकड़ी रफ्तार, मांग से अधिक हुआ उत्पादन –  सौरभ बहुगुणा
देहरादून। उत्तराखंड में दुग्ध उत्पादन लगातार बढ़ रहा है और अब राज्य में दूध की उपलब्धता मांग से अधिक हो गई है। यह जानकारी राज्य के दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने शुक्रवार को विधानसभा में दी।
विधानसभा में विधायक बृज भूषण गैरोला के प्रश्न के उत्तर में मंत्री ने बताया कि वर्ष 2015-16 में राज्य में कुल दूध उत्पादन 16.56 लाख टन था, जो अब बढ़कर 19.57 लाख टन हो गया है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में राज्य में प्रति व्यक्ति दूध की उपलब्धता 458 ग्राम प्रतिदिन है। राज्य में प्रतिदिन 53.62 लाख किलोग्राम दूध का उत्पादन हो रहा है, जबकि दूध की दैनिक मांग 50.34 लाख किलोग्राम है। इससे स्पष्ट है कि राज्य में दूध का उत्पादन मांग से अधिक हो गया है।
मंत्री सौरभ बहुगुणा ने सदन को बताया कि उत्तराखंड में वर्तमान में 2,830 सहकारी दुग्ध समितियां कार्यरत हैं, जो दुग्ध उत्पादन और विपणन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य की 11 सहकारी दुग्ध समितियों का मुनाफा वर्ष 2022-23 में मात्र 50 लाख रुपये था, जो अब बढ़कर 3.92 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। वहीं राज्य दुग्ध संघ का लाभ भी 2022-23 में 5 करोड़ रुपये से बढ़कर इस वर्ष 16 करोड़ रुपये हो गया है।
मंत्री ने कहा कि सरकार दुग्ध उत्पादन बढ़ाने, दुग्ध समितियों को सशक्त बनाने और पशुपालकों की आय बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *