हल्द्वानी प्रदेश में “ड्रग्स फ्री उत्तराखण्ड” अभियान के तहत कुमायूँ पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बनभूलपुरा क्षेत्र में एक मेडिकल स्टोर को सीज किया है। संयुक्त टीम ने मौके से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाइयाँ बरामद की हैं।
पुलिस महानिरीक्षक कुमायूँ परिक्षेत्र श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत 15 अप्रैल की देर रात स्पेशल ऑपरेशन टास्क फोर्स (SOTF) और औषधि नियंत्रक विभाग की टीम ने कोतवाली बनभूलपुरा क्षेत्र में छापेमारी की।
इस दौरान हल्द्वानी के बनभूलपुरा स्थित श्री श्याम मेडिकल स्टोर से संचालक हिमांशु वार्ष्णेय (निवासी पर्वतीय मोहल्ला, रामपुर रोड) के कब्जे से 20 बुप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन, 113 ट्रामाडोल कैप्सूल और 360 एल्प्राजोलम टैबलेट बरामद की गईं।
जांच में दवाइयों के भंडारण एवं वितरण में नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर ड्रग इंस्पेक्टर ने ड्रग एक्ट के नियम 65 के तहत कार्रवाई करते हुए मेडिकल स्टोर को सीज कर दिया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और औषधि विभाग की संयुक्त पहल की सराहना की है। कुमायूँ पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

